गेम्सक्राफ्ट मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, बैंक खातों में जमा 526 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की गई…

ईडी ने ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म गेम्सक्राफ्ट के खिलाफ मनी लांड्रिंग मामले में तशाली अभियान पूरा करने के बाद बैंक में जमा 526 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज कर दी है।

3.5 करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों के साथ ही 11 लाख रुपये नकद जब्त भी किए हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बेंगलुरु स्थित कंपनी के खिलाफ सात मई को एनसीआर और कर्नाटक की राजधानी में तलाशी अभियान शुरू किया गया था। छापेमारी 13 मई को समाप्त हुई। यह कार्रवाई मनी लांड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत की गई।

ईडी ने छापेमारी के बाद कंपनी के तीन संस्थापकों दीपक सिंह, पृथ्वी राज सिंह और विकास तनेजा को गिरफ्तार किया।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित कई पुलिस एफआइआर का संज्ञान लेते हुए गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजी लिमिटेड और अन्य संबंधित कंपनियों के खिलाफ मनी लांड्रिंग मामला दर्ज किया।

ईडी अधिकारियों के अनुसार, यह प्लेटफार्म रमीकल्चर, रमीटाइम जैसे विभिन्न ऑनलाइन रियल-मनी गेम्स का मालिक है और इनका संचालन करता है। सरकार ने अगस्त, 2025 में ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *