नीट पेपर लीक मामले में एफआईआर दर्ज करने के दूसरे दिन सीबीआई का देशव्यापी छापे का अभियान जारी रहा।
इसके साथ ही सीबीआई ने जयपुर, गुरूग्राम और नासिक से पांच आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। इसके साथ ही कई संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
दूसरी ओर पेपर लीक के तह तक जाने के लिए सीबीआई की टीम दिन भर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के दफ्तर की तलाशी करती रही।
सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल के साथ-साथ नासिक का शुभम खैरनार और ग्रुरुग्राम का यश यादव शामिल हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पेपर लीक को लेकर सबसे पहले एनटीए को अलर्ट करने वाले राजस्थान के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) से लगातार सहयोग लिया जा रहा है। एसओजी ने ही इसकी प्रारंभिक जांच की थी।
पेपर लीक से जुड़े सभी आयामों की जांच – CBI
सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पेपर लीक से जुड़े सभी आयामों की जांच की जा रही है। जिनमें प्रश्नपत्र को सुरक्षित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रणालीगत खामी के साथ ही एनटीए के किसी वरिष्ठ अधिकारी की संलिप्तता तक शामिल है।
वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया कि इसके प्रश्न पत्र तैयार करने से लेकर पूरे देश के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का विस्तृत टेक्नीकल और फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है। सीबीआई की कोशिश पेपर लीक के असली मास्टर माइंड तक पहुंचने की है।