रूस पर पश्चिमी देशों की पाबंदियों के कथित उल्लंघन के मामले में ब्रिटेन के अधिकारियों ने एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
यह गिरफ्तारी एक आपरेशन के दौरान की गई, जिसका मकसद इंग्लिश चैनल में रूस के शैडो फ्लीट (गुप्त बेड़े) के एक आयल टैंकर को रोकना था।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने रविवार को पुष्टि की रायल मरीन कमांडो और नेशनल क्राइम एजेंसी (एनसीए) के खास तौर पर ट्रेंड कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने ‘स्मर्टोस’ जहाज पर चढ़कर कार्रवाई की।
एनसीए के मुताबिक, जहाज पर 24 भारतीय और जार्जियाई क्रू सदस्य मौजूद हैं और वे जांच में मदद कर रहे हैं।
एनसीए के प्रवक्ता ने कहा, “14 जून की सुबह रूस के शैडो फ्लीट के जहाज को रोके जाने के बाद अधिकारियों ने पाबंदियों के उल्लंघन के शक में 38 वर्षीय भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया।”
हालांकि, उन खास अपराधों के बारे में साफ तौर पर नहीं बताया गया, जिनके लिए गिरफ्तारी हुई। प्रवक्ता ने कहा, “जांच अधिकारी उससे पूछताछ करेंगे।
चूंकि हमारी जांच अभी चल रही है, इसलिए हम इस समय इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।”उन्होंने कहा कि शैडो फ्लीट आयल टैंकर को कब्जे में लिया गया है।
यह टैंकर डार्सेट तट के पास लंगर डाले हुए है। शैडो फ्लीट का मतलब उन जहाजों से है, जो समुद्री नियमों के दायरे से बाहर काम करते हैं और मालिकाना हक व मूल स्थान को छिपाने के लिए गुप्त तरीकों का इस्तेमाल करते हैं।