भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क एवं जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने आज सेक्टर-5 स्थित अपने विधायक कार्यालय में नागरिकों से भेंट-मुलाकात की।
इस जनसंपर्क कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएँ एवं आवश्यकताओं को सीधे विधायक के समक्ष रखा।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, सड़क एवं नाली निर्माण, तथा जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया।
गर्मी के मौसम में कई क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति बाधित रहने, नलों में पर्याप्त पानी न आने तथा बार-बार होने वाली बिजली कटौती को लेकर लोगों ने गंभीर चिंता व्यक्त की।
इसके साथ ही बढ़ते बिजली बिल और अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर भी नागरिकों ने असंतोष जाहिर किया।
विधायक देवेंद्र यादव ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल संवाद किया और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध निवारण प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
विधायक ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा प्राप्त प्रत्येक शिकायत का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनभेंट कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने विधायक द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया तथा इस पहल की सराहना की।