हाई अलर्ट के बीच मेरठ के तीन धर्मस्थलों पर तोड़फोड़, यूपी पुलिस ने तुरंत मरम्मत कर हंगामा रोका…

यूपी के मेरठ में दौराला के सकौती में असामाजिक तत्वों ने रुहासा मार्ग पर दो धर्मस्थलों और नंगली जीतपुर मार्ग पर एक धर्मस्थल को क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात को देररात अंजाम दिया गया।

शुक्रवार को इसका पता लगा तो लोगों में आक्रोश फैल गया। सीओ दौराला और इंस्पेक्टर फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तीनों धर्मस्थल की वीडियोग्राफी कराई गई। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ स्थानीय लोगों ने तहरीर दी है।

पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने धर्मस्थल को ठीक कराने और आरोपियों की धरपकड़ का आश्वासन दिया है।

सकौती-रुहासा मार्ग स्थित धर्मस्थल पर देररात शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। शुक्रवार दोपहर कुछ लोग यहां पहुंचे तो निर्माण क्षतिग्रस्त मिला। पुलिस को सूचना दी गई।

इसी संपर्क मार्ग पर करीब एक किलोमीटर आगे एक और धर्मस्थल के क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली। गांव से तमाम लोग यहां पहुंच गए। दूसरी ओर, सीओ दौराला प्रकाश चंद अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे।

स्थानीय लोग विरोध कर ही रहे थे कि पता चला नंगली-जीतपुर मार्ग पर भी एक धर्मस्थल को क्षतिग्रस्त किया गया है। इसके बाद माहौल गरमा गया।

अधिकारियों को सूचना दी गई। फोर्स भी बुला ली गई। लोगों ने आरोप लगाया साजिश के तहत धर्मस्थल को निशाना बनाया गया है। माहौल भड़काने की साजिश की जा रही है।

पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। धर्मस्थलों का दोबारा निर्माण-मरम्मत कराने के आश्वासन पर लोग शांत हुए।

पुलिस ने धार्मिक स्थलों की मरम्मत कराई

पुलिस ने शाम को धार्मिक स्थलों की तत्काल मरम्मत कराई। सकौती ग्राम प्रधान के पति शैलेंद्र सिंह और रुहासा ग्राम प्रधान जरीफ ने बताया वर्षों से यहां धार्मिक स्थल हैं, लेकिन कभी भी इस तरह की हरकत नहीं हुई।

सीओ दौराला प्रकाश चंद अग्रवाल ने बताया तहरीर आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि तीनों ही धार्मिक स्थलों पर कोई भी व्यक्ति देखभाल करने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *