बेंगलुरु के आईटी प्रोफेशनल दानिश आब्दी और वृशाली प्रसादे ने एक अनोखा इतिहास रच दिया है।
दोनों श्रीलंका से भारत तक रामसेतु मार्ग के जरिए ओपन वॉटर स्विम पूरी करने वाले पहले दंपती बन गए हैं।
7 मई को दोनों ने श्रीलंका के तलाइमन्नार से सुबह करीब 4.30 बजे तैराकी शुरू की और तमिलनाडु के धनुषकोडी में दोपहर करीब 3:15 बजे पहुंचे। लगभग 32 किलोमीटर लंबी यह समुद्री यात्रा उन्होंने 10 घंटे 45 मिनट में पूरी की।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में दंपती ने लिखा कि श्रीलंका से भारत तक तैरकर पहुंचने का सपना उनके लिए बेहद खास था और इसके लिए उन्होंने लंबे समय तक तैयारी की थी।
सोशल मीडिया पर मिल रही जमकर सराहना
दानिश आब्दी और वृशाली प्रसादे की इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। लोग उनकी मेहनत, फिटनेस और टीमवर्क की सराहना कर रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों पेशे से सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल हैं और उन्होंने केवल चार साल पहले गंभीर स्तर पर तैराकी का प्रशिक्षण शुरू किया था।
दंपती ने इस पूरे अभियान को सोशल मीडिया पर भी साझा किया, ताकि दूसरे खिलाड़ी और एडवेंचर पसंद करने वाले लोग प्रेरित हो सकें। उनकी यह उपलब्धि भारतीय ओपन वॉटर स्विमिंग में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।