बंगाल की सियासत में फिर उबाल: भाजपा विधायक रेखा पात्र पर किसान परिवार को खेत से जबरन हटाने का आरोप…

बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्र अपने पैतृक घर के पड़ोसी के साथ जमीन विवाद को लेकर विवादों में घिर गई हैं।

किसान परिवार ने विधायक पर प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें उनकी जमीन से जबरन हटाने और अदालत के निर्देश की अवहेलना करने का आरोप लगाया है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। विवाद को लेकर रेखा पात्र ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है।

मालूम हो कि संदेश खाली से रेखा पात्र ने ही सबसे पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेताओं द्वारा किए गए यौन उत्पीड़न और भूमि हड़पने के खिलाफ आवाज उठाई थी।

रेखा पात्र का पैतृक घर उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में है। वहां करीब नौ बीघा जमीन को लेकर उनके परिवार और पड़ोसी सुभाष नस्कर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।

दोनों पक्ष मामले में अदालत की शरण ले चुके हैं। सुभाष के परिवार का दावा है कि वह अदालत के निर्देश के अनुसार जमीन पर खेती कर रहे हैं। संबंधित दस्तावेज भी उनके पास हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुभाष के परिवार को खेत से हटाने के लिए रेखा पात्र पुलिस और अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ वहां पहुंची थीं।

इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, बाद में हाथापाई की स्थिति बन गई। विधायक को आक्रोशित होते देख उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें संभालने पहुंचे। सूचना मिलने के बाद संदेशखाली थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *