देश में सुरक्षित निवेश की बात आती है तो सबसे पहले दो विकल्प सामने आते हैं- पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (Post office FD) और बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (Bank FD)। दोनों ही योजनाएं गारंटीड रिटर्न देती हैं, लेकिन इनके बीच का फर्क ही तय करता है कि आपका पैसा कितना सुरक्षित रहेगा और कितना तेजी से बढ़ेगा। मौजूदा समय में ब्याद दर, सुरक्षा, टैक्स और सुविधा जैसे पहलुओं को देखकर निवेशक कंफ्यूज हो जाते हैं कि आखिर सही विकल्प कौन सा है।
कौन-सा ऑप्शन है फायदेमंद?
दरअसल, पोस्ट ऑफिस एफडी (Post office FD) पूरी तरह केंद्र सरकार के तहत आने वाली स्मॉल सेविंग स्कीम ( Saving Scheme) है, इसलिए इसमें निवेश पर सॉवरेन गारंटी (Sovereign Guarantee) मिलती है। इसका मतलब है कि आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है। वहीं बैंक एफडी (Bank FD) में भी जोखिम कम होता है, लेकिन यहां केवल 5 लाख रुपये तक की रकम पर ही DICGC (Deposit Insurance and Credit Guarantee Corporation) इंश्योरेंस कवर मिलता है। यानी अगर आप बड़ी रकम निवेश कर रहे हैं, तो सुरक्षा के लिहाज से पोस्ट ऑफिस एफडी ज्यादा मजबूत विकल्प बनकर सामने आती है।
कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न
अगर रिटर्न यानी ब्याज दर की बात करें तो तस्वीर थोड़ी बदल जाती है। 2026 में पोस्ट ऑफिस एफडी (Post office FD interest rate) पर करीब 6.9% से 7.5% तक ब्याज मिल रहा है। वहीं बैंक एफडी (Bank FD interest rate) में अलग-अलग बैंकों के हिसाब से यह दर लगभग 6.8% से 7.8% या उससे अधिक भी हो सकती है। यानी कुछ मामलों में बैंक ज्यादा रिटर्न दे सकते हैं, लेकिन कई बार पोस्ट ऑफिस भी बराबरी या बेहतर रिटर्न दे देता है—खासकर 5 साल की अवधि में।
टैक्स मोर्चा
टैक्स के मोर्चे पर दोनों निवेश विकल्प लगभग समान हैं। पोस्ट ऑफिस और बैंक—दोनों में 5 साल की FD पर Section 80C के तहत ₹1.5 लाख तक की छूट मिलती है। हालांकि, एक महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों ही मामलों में मिलने वाला ब्याज “Income from Other Sources” के तहत टैक्सेबल होता है।
अंतर सिर्फ इतना है कि बैंक एफडी पर TDS कटता है, जबकि पोस्ट ऑफिस में निवेशक को खुद टैक्स मैनेज करना पड़ सकता है।
क्या-क्या सुविधा मिलेगी?
सुविधा और लिक्विडिटी के मामले में बैंक एफडी आगे नजर आती है। बैंक में आप घर बैठे ऑनलाइन एफडी खोल सकते हैं, जरूरत पड़ने पर समय से पहले पैसा निकाल सकते हैं और अलग-अलग अवधि के विकल्प चुन सकते हैं। इसके मुकाबले पोस्ट ऑफिस एफडी में प्रक्रिया थोड़ी पारंपरिक और सीमित होती है।