कर्नाटक के मंत्री एसएस मल्लिकार्जुन को कैमरे पर हरिहारा से बीजेपी विधायक बीपी हरीश के खिलाफ अभद्र भाषा और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। यह घटना भद्रा जलाशय से पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर स्थानीय किसानों के साथ बातचीत के दौरान हुई।
विवाद तब शुरू हुआ जब हरिहर इलाके के किसानों का एक समूह भद्रा जलाशय से सिंचाई के लिए पानी की मांग करने के लिए जिला मंत्री मल्लिकार्जुन से मिलने पहुंचा। किसानों ने बताया कि वे विधायक की सलाह पर मंत्री से मिलने आए थे। इस बात पर मंत्री ने अपशब्द कहे, जो कैमरे में रिकॉर्ड हो गए।
‘विधायक को चप्पलों से मारो’
किसानों ने मल्लिकार्जुन से कहा, “पीने के लिए पानी नहीं है, मवेशियों के लिए भी पानी नहीं है। जब हम हरीश अन्ना से पूछते हैं तो वे कहते हैं कि मंत्री से पूछो।” इसके बाद एक नाराज मंत्री ने बीजेपी विधायक के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और ग्रामीणों से कहा कि वे “उन्हें चप्पलों से पीटें”। मंत्री ने किसानों से यह भी कहा कि वे विधायक को अन्ना (बड़े भाई) कहकर सम्मान न दें।
बीजेपी विधायक ने क्या कहा?
मंत्री की टिप्पणी पर निशाना साधते हुए बीजेपी विधायक ने कहा कि किसानों की चिंताओं को सुनने के बजाय मंत्री ने उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया। विधायक हरीश ने कहा, “किसानों के साथ ठीक से पेश आने के बजाय उन्होंने मेरे बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। लोग उन्हें सबक सिखाएंगे।”
कर्नाटक बीजेपी प्रमुख बी.वाई. विजयेंद्र ने भी मल्लिकार्जुन की भाषा को लेकर उन पर तीखा हमला बोला। विजयेंद्र ने कहा, “दावणगेरे के प्रभारी मंत्री ने हमारे हरिहर विधायक बीपी हरीश के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने उनके माता-पिता को भी अपशब्द कहे हैं। यह सिर्फ हरीश का ही नहीं, बल्कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों का भी अपमान है। अगर आप सिर्फ इसलिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि आपके पास सत्ता है तो आने वाले समय में जनता आपके बारे में फैसला करेगी।”