पुणे के एक मरीन इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में 20 साल के छात्र की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उसके ऊपर बास्केटबॉल का बैकबोर्ड गिर गया था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
कैंपस में मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था
दरअसल, तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट में दूसरे साल का छात्र विशाल वर्मा रविवार की सुबह कैंपस में मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर निकला था। वह बास्केटबॉल के हूप पर लटक कर पुल-अप्स कर रहा था, तभी पूरा फ्रेम उसके ऊपर गिर गया और उसके सिर में बहुत ज्यादा खून बहने लगा। कैंपस में मौजूद साथी छात्र और स्टाफ उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
2028 में पूरा होना था बीटेक का कोर्स
विशाल के लिंक्डइन अकाउंट के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश के बस्ती का रहने वाला था। उसने 2024 में पुणे स्थित इस इंस्टीट्यूट में दाखिला लिया था। उसका चार साल का बीटेक का कोर्स 2028 में पूरा होना था। तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. संजीत ने इस घटना को बहुत दुखद बताया। उन्होंने कहा हम जांच करेंगे कि आखिर क्या गलत हुआ।
पुलिस ने बताया कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या फ्रेम में जंग लगी थी। या फिर फिटिंग में कोई बड़ी खराबी थी। इंस्पेक्टर संतोष पाटिल ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।