जशपुरनगर : बिहान अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के लिए बैंक मेला आयोजित…

जनपद पंचायत कार्यालयों में 18 से 27 फरवरी तक अलग-अलग तिथियों में होगा बैंक मेला आयोजन

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में गठित एवं पुनर्गठित स्व-सहायता समूहों  की आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी क्रम में स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज तथा मुद्रा लोन वितरण की प्रगति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों में बैंक मेला आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैंक मेला का आयोजन जशपुर जनपद पंचायत कार्यालय में 18 फरवरी को, मनोरा जनपद पंचायत कार्यालय में 18 फरवरी को, कुनकुरी जनपद पंचायत कार्यालय में 19 फरवरी को, पत्थलगांव जनपद पंचायत कार्यालय में 20 फरवरी को, दुलदुला जनपद पंचायत कार्यालय में 23 फरवरी को, कांसाबेल जनपद पंचायत कार्यालय में 25 फरवरी को, बगीचा जनपद पंचायत कार्यालय में 26 फरवरी को तथा फरसाबहार जनपद पंचायत कार्यालय में 27 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

  राज्य कार्यालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 में जशपुर जिले के लिए कुल 5,085 स्व-सहायता समूहों को 14,847.56 लाख रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके विरुद्ध अब तक विकासखंडों के माध्यम से 4,005 स्व-सहायता समूहों को 7,044.82 लाख रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जो वार्षिक लक्ष्य का 78.76 प्रतिशत है।

इसके अतिरिक्त, गठित स्व-सहायता समूहों के पात्र सदस्यों को व्यक्तिगत आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु बैंकों के माध्यम से वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इस पहल से समूहों की आर्थिक सशक्तता बढ़ेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *