बांग्लादेश से वर्ष 2005 में भारत आने के बाद पिछले 19 वर्षों से फर्जी दस्तावेज के सहारे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रहकर नौकरी कर रहे एक व्यक्ति को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला विशेष शाखा की टीम ने गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया 42 वर्षीय अतीक हुसैन बांग्लादेश के नारायणगंज जिले का मूल निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह सूर्या विहार कालोनी में किराये के मकान में रह रहा था। उसको रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया है। उसको बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, 20 दिनों पूर्व पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में सूर्या विहार कालोनी के इलाके में दबिश दी थी। उस दौरान अतीक के संबंध में जानकारी मिली थी, लेकिन वह बच निकला था।
पुलिस पूछताछ में अतीक ने बताया कि वह वर्ष 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद बिलासपुर आया था।
वह एनटीपीसी सीपत में बीईसीओ लिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम करता था।
पुलिस ने उसके किराये के मकान से पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास व जाति प्रमाण पत्र तथा नौवीं कक्षा की अंकसूची सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।