अमेरिका में विदेशी कंपनियों के ड्रोन और राउटर इस्तेमाल कर रहे लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है।
अमेरिकी फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) की ऑफिस ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने 8 मई को एक नया पब्लिक नोटिस जारी कर पहले से खरीदे गए कुछ बैन डिवाइसों के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट की समय सीमा बढ़ा दी है।
अब ऐसे ड्रोन और राउटर 1 जनवरी 2029 तक सुरक्षा और सिस्टम अपडेट प्राप्त कर सकेंगे। इससे पहले सरकार ने इन डिवाइसों के अपडेट पर 2027 से रोक लगाने की योजना बनाई थी।
पहले क्या था नियम?
FCC के पुराने नियमों के अनुसार, विदेशी ड्रोन के लिए सॉफ्टवेयर सपोर्ट 1 जनवरी 2027 तक सीमित किया गया था। विदेशी राउटरों के लिए अपडेट सुविधा 1 मार्च 2027 तक बंद होनी थी।
लेकिन अब इन दोनों समय सीमाओं को बढ़ाकर 2029 तक कर दिया गया है। इसका मतलब यह है कि जिन अमेरिकी नागरिकों ने पहले से ऐसे डिवाइस खरीद रखे हैं, उनके उपकरण अचानक बेकार नहीं होंगे।
किन डिवाइसों को मिलेगी राहत?
यह राहत केवल उन डिवाइसों पर लागू होगी जिन्हें FCC की Covered List में शामिल किए जाने से पहले अमेरिका में बेचने की मंजूरी मिल चुकी थी। यानी पहले से इस्तेमाल हो रहे विदेशी ड्रोन और राउटर अपडेट लेते रहेंगे। लेकिन नए विदेशी मॉडल अभी भी अमेरिकी बाजार में प्रतिबंधित रहेंगे।
नई कंपनियों या नए मॉडल को अमेरिका में बेचने के लिए अब रक्षा विभाग या होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की विशेष मंजूरी लेनी होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक केवल Netgear Amazon की Eero को ही राउटर श्रेणी में ऐसी मंजूरी मिली है।
अब कौन-कौन से अपडेट मिल सकेंगे?
FCC ने अपने नए नोटिस में साफ किया है कि कंपनियां अब केवल छोटे-मोटे पैच ही नहीं, बल्कि बड़े स्तर के सॉफ्टवेयर अपडेट भी जारी कर सकेंगी। इनमें सिक्योरिटी पैच, ऑपरेटिंग सिस्टम कम्पैटिबिलिटी अपडेट, नेटवर्क और परफॉर्मेंस सुधार और Class II permissive changes के तहत व्यापक सॉफ्टवेयर बदलाव शामिल हैं। इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पुराने डिवाइस साइबर हमलों के प्रति ज्यादा सुरक्षित बने रहेंगे।