बालोद : ‘विष्णु की पाती’ से बढ़ा ‘ड्रोन दीदी’ चित्ररेखा साहू का हौसला, खुशी से खिल उठा चेहरा…

मुख्यमंत्री ने की चित्ररेखा के आत्मनिर्भरता के प्रयासों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कुशल निर्वहन की सराहना, ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना से ग्रामीण महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जिले की ‘ड्रोन दीदी’ श्रीमती चित्ररेखा साहू को विशेष संदेश ‘विष्णु की पाती’ भेजकर उनके मेहनत, समर्पण और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से मिले इस आत्मीय संदेश ने जुर्रीपारा की रहने वाली चित्ररेखा साहू की खुशियों को दोगुना कर दिया।

मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कृषि क्षेत्र में आधुनिक ड्रोन तकनीक अपनाने तथा आत्मनिर्भरता की मिसाल प्रस्तुत करने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय का यह प्रोत्साहन चित्ररेखा के लिए केवल एक पत्र नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों को मिला सम्मान है। यह सम्मान उन ग्रामीण महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भर बनने का सपना देखती हैं।

परिवार की जिम्मेदारियों के साथ चुनी आत्मनिर्भरता की राह

बालोद के जुर्रीपारा की श्रीमती चित्ररेखा साहू ने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों के साथ अपने लिए एक नई राह बनाई है। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। परंपरागत खेती-किसानी से आगे बढ़कर उन्होंने कृषि क्षेत्र में नई तकनीक अपनाने का साहस दिखाया और आज वे ‘ड्रोन दीदी’ के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना से मिला तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर

शासन की महत्वाकांक्षी ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के माध्यम से चित्ररेखा साहू ने विधिवत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर ड्रोन संचालन की बारीकियां सीखीं। आज वे खेतों में नैनो यूरिया, डीएपी और कीटनाशकों का छिड़काव ड्रोन के माध्यम से कर रही हैं। इससे किसानों का समय और श्रम बच रहा है तथा कृषि कार्य अधिक सुविधाजनक हो रहे हैं। वहीं, इस कार्य से चित्ररेखा को आजीविका का नया अवसर और समाज में एक विशिष्ट पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री की पाती से बढ़ा आत्मविश्वास और मनोबल

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से ‘विष्णु की पाती’ प्राप्त होने पर भावुक चित्ररेखा साहू ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिला यह संदेश उनके लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों के साथ-साथ बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियों की भी सराहना की है। इससे उनका आत्मविश्वास और मनोबल कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने इस आत्मीय सम्मान और प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा उन्हें राज्य स्थापना दिवस और दीपावली पर्व की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं।

चित्ररेखा की सफलता से ग्रामीण महिलाओं को मिल रही नई प्रेरणा

चित्ररेखा साहू की कहानी बताती है कि परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए भी महिलाएं अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। शासन की योजनाओं से मिले अवसर, तकनीकी प्रशिक्षण और अपने आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक को अपनाकर आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई है। आज उनकी उपलब्धि अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी आगे बढ़ने, नई तकनीक सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ‘विष्णु की पाती’ ने चित्ररेखा के इस सफर को आत्मीय सम्मान दिया है। यह संदेश उनके लिए आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा और ग्रामीण महिलाओं के लिए यह विश्वास है कि मेहनत, हुनर और सही अवसर से हर सपना साकार हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *