विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, महिला सुरक्षा व हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति किया गया सजग
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत सघन जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
इस अभियान के तहत डौण्डीलोहारा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा तथा शासकीय हाई स्कूल चैरैल एवं शासकीय हाई स्कूल डुंडेरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजनों का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के विविध आयामों से अवगत कराकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग व जिम्मेदार बनाना रहा।
बाल अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुव्र्यवहार से बचाव से जुड़े कानूनी व सामाजिक पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।
मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित सेवाओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन ‘चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098’ तथा मिशन शक्ति के अंतर्गत ‘महिला हेल्पलाइन नंबर 181’ के कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को किसी भी विषम, असुरक्षित अथवा शोषणकारी परिस्थिति में निर्भीक होकर इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही जागरूकता बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से सुरक्षित वातावरण निर्माण और बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश प्रसारित किया गया।
शिविरों में उपस्थित रहा विभागीय अमला व शिक्षण स्टाफ
शासकीय हाई स्कूल डुंडेरा एवं चैरैल में आयोजित शिविर में संरक्षण अधिकारी संस्थागत श्री देवेंद्र देशमुख, काउंसलर श्रीमती अशलेखा देवांगन, सामाजिक कार्यकर्ता श्री अनिल सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से परियोजना समन्वयक श्री वेदप्रकाश साहू, केस वर्कर श्री कैलाश निषाद, श्री अखिलेश डहरे, सपोर्ट पर्सन सुश्री लोवेश धिवर, विद्यालय के प्राचार्य डुंडेरा श्री एस. के. साहू एवं चैरेल के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद देशमुख सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में सामाजिक कार्यकर्ता श्री अनिल सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन केस वर्कर प्रीतम कुमार, प्राचार्य श्रीमती चन्द्रमणी वासनिक, पॉक्सो प्रभारी सुश्री हेपशीबा एंथोनी, श्री अजय पाठक, श्री चन्द्रादेब नाथ, श्रीमती हर्षा देवांगन, श्रीमती नीलिमा रजक, समस्त शाला स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी शालाओं में संबंधित संस्था प्रमुखों के प्रेरक उद्बोधन के साथ शिविरों का विधिवत समापन हुआ।