केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आम लोगों तक बेहतर और सरल स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाओं को लॉन्च किया।
इनमें आयुष्मान भारत के लिए आयुष्मान सारथी नामक चैटबॉट, राष्ट्रीय एम्बुलेंस सर्विस गाइडलाइंस, 2030 तक मातृ व नवजात के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करने लिए सुमन रोडमैप व समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कल्याण और एनिमिया मुक्त भारत अभियान प्रमुख हैं।
इन योजनाओं को लॉन्च करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि 2047 में विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ्य भारत का निर्माण अहम कड़ी है।
आयुष्मान सारथी नामक व्हाट्सएप चैटबाट, स्वास्थ्य भारत के लाभार्थियों को सरकारी दफ्तरों में जाए बिना या हेल्पलाइन पर काल किए बिना प्रमुख सेवाओं तक चौबीसों घंटे पहुंच प्रदान करेगा। यह व्हाट्सएप के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना की सेवाओं तक सुरक्षित और रीयल-टाइम पहुंच प्रदान करता है।
आयुष्मान वय वंदना कार्ड
इसका उपयोग योजना के तहत अपनी पात्रता जांचने, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन करने और डाउनलोड करने, ई-केवाईसी पूरा करने, आधार लिंक करने, अपना पीएम-जेएवाई कार्ड लाक या अनलाक करने और 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड से संबंधित सेवाओं के लिए कर सकते हैं।
मिलेंगी ये सुविधाएं
इससे इलाज के लिए बचा बैलेंस और इलाज का इतिहास भी देख सकते हैं। नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों का पता लगा सकते हैं और शिकायत दर्ज कर उसे ट्रैक कर सकते हैं कॉलबैक का अनुरोध और अस्पताल से छुट्टी के बाद फीडबैक भी जमा कर सकते हैं। इसका उद्देश्य व्हाट्सएप के माध्यम से पीएम-जेएवाई सेवाओं तक तत्काल पहुंच प्रदान करके पहुंच, पारदर्शिता और नागरिक भागीदारी में सुधार करना है।
आरोग्य सेतु 2.0 लॉन्च
जेपी नड्डा ने कोविड टीकाकरण में अहम भूमिका निभाने वाले आरोग्य सेतु का नया संस्करण भी लांच किया। आरोग्य सेतु 2.0 व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकार्ड के लिए एक डिजिटल प्लेटफार्म के रूप में काम करेगा। इससे स्वास्थ्य बीमा कवरेज और दावों को ट्रैक भी किया जा सकता है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत तैयार यह एपलिकेशन उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने के लिए डिजिटल गेटवे का काम करेगा।
इसके माध्यम से आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) आईडी बनाने के साथ ही स्वास्थ्य रिकार्ड का प्रबंधन और “स्कैन एंड शेयर” सुविधा के माध्यम से अस्पतालों में डिजिटल पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके माध्यम से आयुष्मान भारत के लाभार्थी व्यक्तिगत और पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा कवरेज का रीयल-टाइम जानकारी ले सकते हैं।
एक क्लिक पर मिलेगी विभिन्न जानकारी
जेपी नड्डा ने कई डिजिटल प्लेटफार्मों पर सत्यापित स्वास्थ्य सेवाओं को खोजने, बुक करने और उन तक पहुंचने की सुविधा जेने वाले यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (यूएचआइ) को लान्च किया। यह इंटरआपरेबल डिजिटल नेटवर्क मरीजों को एक ही एप्लिकेशन से बंधे बिना विभिन्न प्लेटफार्म तक पुहंच सुनिश्चित करता है।