जयपुर में खुली जेल के कैदी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद हमलावर फरार…

करणी विहार क्षेत्र में खुली जेल के कैदी गंगासहाय कुमावत (40) की बुधवार को गोली मार कर हत्या कर दी गई।

बाइक सवार दो बदमाशों ने कुमावत पर तीन राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि मृतक ने वर्ष 2018 में शहर में महेंद्र नामक व्यक्ति की हत्या की थी। उसी मामले में वह सजा काट रहा था। करीब आठ वर्ष तक जेल में रहने के बाद उसके सही व्यवहार को देखते हुए करीब तीन माह पहले खुली जेल में स्थानांतरित किया गया था।

वहां रहते हुए कुमावत दिन में रोजगार के सिलसिले में प्रतिदिन बाहर जाता था। शाम को उसे लौटना होता था। अन्य दिनों की तरह कुमावत बुधवार शाम जेल लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी गोली मार कर हत्या कर दी।

पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए नाकेबंदी करवाई गई है। वहीं, राज्य के टोंक जिला मुख्यालय पर स्थित जेल में बंद एक कैदी की तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई।

मृतक कैदी गणदेव गुर्जर सवाईमाधोपुर का निवासी था। गणदेव की मौत के बाद स्वजन ने जेल के मुख्यद्वार के बाहर हंगामा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *