पिछले गुरुवार की बात है, दीपांकर बारदोली नामक एक व्यक्ति ने काम से छुट्टी ली, क्योंकि उसे अपने बेटे के स्कूल जाना था। दीपांकर का बेटा यूकेजी कक्षा का छात्र है।
परीक्षा के बाद परिणाम घोषित हुए थे। रिजल्ट लेने के लिए दीपांकर स्कूल पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया।
स्कूल से रिजल्ट लेने के बाद दीपांकर बाहर की तरफ बढ़ रहे थे। तभी 35 वर्षीय दीपांकर को दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
घटना का वीडियो आया सामने
ये घटना 15 जनवरी को असम के जोरघाट स्थित सैमफोर्ड स्कूल में की है। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में दीपांकर को लड़खड़ाकर गिरते हुए भी देखा जा सकता है।
दीपांकर ने गिरने से पहले किसी चीज का सहारा लेने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही वो मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े।
स्कूल में मौजूद लोग दीपांकर की तरफ तेजी से भागे। उन्हें जोरघाट मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। दीपांकर को अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद स्कूल में भी हड़कंप मच गया। कई बच्चों को इससे गहरा सदमा लगा है।
सिंचाई विभाग में इंजीनियर थे दीपांकर
दीपांकर असम सरकार के अंतर्गत आने वाले सिंचाई विभाग में इंजीनियर थे। उनकी पत्नी ग्रहणी हैं। परिवार के अनुसार, दीपांकर काफी फिट थे और उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी।
युवाओं में बढ़ रहा खतरा
दीपांकर की मौत के बाद युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के खतरों पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले 11 जनवरी को सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग की नई दिल्ली स्थित आवास पर जान चली गई थी।
वहीं, वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल की भी न्यूयॉर्क में हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई थी।