भारतीय सेना का सेवामुक्त टी-55 टैंक महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे के गांव रालेगण सिद्धि में स्थापित किया गया। यह टैंक भारत-पाकिस्तान के 1965 और 1971 के युद्धों में अपनी सेवाएं दे चुका है।
हजारे ने टैंक स्थापित करने के लिए सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों और आगंतुकों दोनों को प्रेरणा मिलेगी।
भारतीय सेना में सेवा दे चुके अन्ना ने कहा कि रक्षा मंत्रालय द्वारा दिया गया यह टैंक गांव के लोगों और रालेगण सिद्धि घूमने आने वाले सैलानियों को प्रेरित करेगा।
इस टैंक ने 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्धों के दौरान युद्धक्षेत्र में असाधारण शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन किया था। एक ग्रामीण के अनुसार, गांव में प्रदर्शन के लिए एक टैंक लाने की कोशिशें लंबे समय से की जा रही थीं।
अन्ना हजारे के जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही टैंक मिलना गांव के लिए बहुत खुशी की बात है। 15 जून को उनके जन्मदिन पर यह टैंक औपचारिक रूप से रालेगण सिद्धि के लोगों को समर्पित किया जाएगा।