आप भी नकली अदरक-लहसुन पेस्ट का इस्तेमाल तो नहीं कर रहे? हैदराबाद में 4,000 किलो मिलावटी उत्पाद जब्त…

हैदराबाद में मंगलवार को फूड सेफ्टी को लेकर की गई रेड में बड़ी मात्रा में मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट का पता चला है। जिसकी सप्लाई रेस्टोरेंट और रिटेल आउटलेट्स को की जा रही थी।

इससे लोगों की सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। जानकारी के अनुसार कमिश्नर की टास्क फोर्स, खैरताबाद जोन ने हैदराबाद की H-Fast टीम के साथ मिलकर इसका पता लगाया।

घटिया क्वालिटी का 6000 किलो कच्चा माल जब्त

शहर के कत्तेदान में स्थित SKR फूड प्रोडक्ट्स नाम की यूनिट गंदे हालात में चलाई जा रही थी। इस यूनिट में घटिया क्वालिटी का कच्चा माल, एसिटिक एसिड और जैंथन गम जैसे एडिटिव्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके साथ ही फूड सेफ्टी के सही मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।

अधिकारियों ने मौके से 4,032 किलोग्राम से ज्यादा मिलावटी पेस्ट, 6,210 किलोग्राम घटिया क्वालिटी का कच्चा माल और लगभग 22 लाख रुपये की कीमत का अन्य संबंधित सामान ज़ब्त किया है।

X पर पोस्ट कर पुलिस ने दी जानकारी

हैदराबाद सिटी पुलिस ने X पर फोटो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। पुलिस टीम ने यूनिट के मालिक, 55 साल के हसन अली रूपानी को मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी और जब्त किए गए सामान को आगे की कार्रवाई के लिए मैलारदेवपल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।

मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट मिलने का यह पहला मामला नहीं

बता दे कि हैदराबाद में मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट के उत्पादन से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है। मार्च में, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बोराबंदा इलाके का निरीक्षण किया था। वहां भी मिलावटी पेस्ट तैयार किया जा रहा था।

इससे पहले, मल्लेपल्ली में भी जांच के दौरान, अधिकारियों ने लगभग 1,090 किलोग्राम मिलावटी अदरक-लहसुन पेस्ट, 875 किलोग्राम कच्चा अदरक और लहसुन, मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाले रसायन, पीसने के उपकरण और एक मोबाइल फोन जब्त किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *