दिल्लीवासियों के लिए जरूरी खबर, CM रेखा गुप्ता ने बताए दो हेल्पलाइन नंबर; मुश्किल वक्त में तुरंत मिलेगी मदद…

 दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे दो जरूरी हेल्पलाइन नंबरों को अपने फोन में सेव कर लें और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी साझा करें। शुक्रवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर साझा किए गए एक संदेश में उन्होंने कहा कि राजधानी के हर नागरिक को इन नंबरों की जानकारी होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने किन दो नंबरों को सेव करने काे कहा?

  • 181 (महिला हेल्पलाइन): संकट में फंसी महिलाओं को तुरंत सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए।
  • 112 (आपातकालीन हेल्पलाइन): पुलिस, दमकल, मेडिकल इमरजेंसी और अन्य आपात स्थितियों में फौरन मदद पाने के लिए।

कब डायल करें 181?

घर के भीतर अथवा घर के बाहर अथवा किसी भी रूप में पीड़ित व संकटग्रस्त महिला या लड़की को त्वरित सहायता लेने के लिए 181 नंबर को डायल करना चाहिये। टोल फ्री नंबर 181 पर लैंडलाइन या मोबाइल से कॉल करने पर कोई चार्ज नहीं लगता है।

कब डायल करें 112?

  • अपराध, हिंसा, चोरी, मारपीट, अपहरण या किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता पाने के लिए।
  • सड़क दुर्घटना, बेहोशी, सांस लेने में तकलीफ या तुरंत एम्बुलेंस की जरूरत होने पर भी डायल कर सकते हैं।
  • घर, दुकान या वाहन में आग लगने पर या किसी के फंसे होने पर भी 112 पर कॉल करके मदद मांग सकते हैं।
  • महिला एवं बच्चों के किसी भी खतरे में पड़ जाने पर एवं उत्पीड़न या असुरक्षित माहौल को देखते ही 112 डायल करें।
  • प्राकृतिक आपदा या किसी भी ऐसी घटना में जहां जान-माल या सार्वजनिक सुरक्षा को तुरंत खतरा हो तो इस नंबर मदद मांग सकते हैं।

‘मुश्किल वक्त में हर सेकंड बेहद अहम’

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुश्किल वक्त में हर सेकंड बेहद अहम होता है और सही समय पर सही नंबर पर कॉल करने से बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने आगे कहा, ‘महिलाओं की सुरक्षा हमारी साझा जिम्मेदारी है और हर नागरिक की सुरक्षा हमारी अटल प्रतिबद्धता है। आइए, मिलकर एक सुरक्षित दिल्ली का निर्माण करें।’

#NumberSaveKiya? 

मुख्यमंत्री ने इस जागरूकता अभियान के तहत #NumberSaveKiya? हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए लोगों से इन हेल्पलाइन नंबरों को सेव करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की अपील की। बता दें कि 181 और 112 दोनों ही नंबर पर कॉल करने का कोई चार्ज नहीं लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *