गुरुग्राम में बनेगा 2.24 किमी लंबा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, KMP और द्वारका एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे; जानें रूट और लागत की पूरी जानकारी…

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के जमा कार्य के रूप में इसका निर्माण करेगा। परियोजना पर आने वाला पूरा खर्च जीएमडीए वहन करेगा।

इससे न केवल निर्माण की प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि नए सिरे से अध्ययन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में लगने वाला समय भी बचेगा।

गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे पर प्रस्तावित 2.24 किलोमीटर लंबे छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर की अनुमानित लागत 455.22 करोड़ रुपये है। यह परियोजना दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे के बीच संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पिछले महीने सरकार ने परियोजना की जिम्मेदारी जीएमडीए को सौंपी थी।

निर्माण कराने की सिफारिश की

इसके बाद जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दुष्यंत कुमार बेहेरा ने पदभार संभालने के बाद परियोजना की समीक्षा की और इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। संबंधित अभियंताओं के साथ विस्तृत चर्चा के बाद जीएमडीए ने प्रस्ताव दोबारा तैयार कर एनएचएआई से निर्माण कराने की सिफारिश की। एनएचएआई पहले ही इस सड़क का अध्ययन कर डिजाइन तैयार कर चुका है।

ऐसे में निर्माण की जिम्मेदारी उसी के पास रहने से नई एजेंसी द्वारा अध्ययन और डिजाइन तैयार करने में लगने वाला समय बचेगा। प्रदेश सरकार ने जीएमडीए के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब जीएमडीए धन उपलब्ध कराएगा और एनएचएआई निर्माण कार्य को आगे बढ़ाएगा।

परियोजना के लिए जीएमडीए भूमि अधिग्रहण और उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण पर करीब 116.55 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। इससे पहले ही परियोजना के लिए आवश्यक आधारभूत तैयारियों पर बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है।

द्वारका एक्सप्रेसवे को मिलेगा बेहतर संपर्क

हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक का मार्ग दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, निर्माणाधीन गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे और द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ा है। इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए एलिवेटेड कारिडोर की योजना तैयार की गई थी। एलिवेटेड रोड बनने से स्थानीय और लंबी दूरी के यातायात को अलग-अलग करने में मदद मिलेगी।

इससे झज्जर और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को भी बेहतर संपर्क मिलेगा। परियोजना का उद्देश्य सड़क की क्षमता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-आठ पर यातायात का दबाव कम करना है।

डिजाइन में बदलाव और निर्णय

बता दें कि सड़क को छह लेन करने की योजना वर्ष 2017 में स्वीकृत हुई थी। शुरुआत में उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव था और 2019 में निर्माण शुरू होना था। डिजाइन में बदलाव और निर्णय में देरी के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। वर्ष 2022 में इसे गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे परियोजना से जोड़ दिया गया। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *