पेरू में भारतीय नागरिक की कार पर 30 से ज्यादा गोलियां दागीं, सोने के गहने लूटकर फरार हुए हमलावर…

पेरू के कैलाओ में कोस्टा वर्डे के पास हुई एक लूटपाट के दौरान नकाबपोश बंदूकधारियों ने एक वाहन पर 30 से अधिक बार गोलियां चलाईं।

इस हमले में एक भारतीय पुरुष और एक पेरू की महिला घायल हो गए। हमलावर सोने के गहने से भरे बैग और सूटकेस लेकर फरार हो गए।

एयरपोर्ट जाते समय कार को घेरकर की अंधाधुंध फायरिंग

यह हमला स्थानीय समयानुसार शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे ला पेरला जिले में सांता रोजा पहाड़ी के पास हुआ, जब पीड़ित जॉर्ज चावेज़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे।

पेरू की मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हथियारबंद लोगों के एक समूह ने पीड़ितों की काली एसयूवी का रास्ता रोकने और उन्हें भागने से रोकने के लिए कई वाहनों का इस्तेमाल किया।

पेरू के अखबार एल कॉमर्सियो के अनुसार, जारी घटना के फुटेज में हुड पहने बंदूकधारी वाहन को घेरते हुए उसकी बॉडी और खिड़कियों पर लगातार गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं।

हमलावरों ने वाहन को टक्कर भी मारी और जबरन उसके दरवाजे खोलकर अंदर रखे बैग, सूटकेस और एक ब्रीफकेस निकाल लिए।

पूरी प्लानिंग के साथ की गई लूटपाट

कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनावाइड्स ने बताया कि जांच की मुख्य दिशा लूटपाट और हमला है। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में एक भारतीय पुरुष और एक पेरूवियन महिला घायल हुए हैं।

दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, घायल ड्राइवर का एक स्थानीय क्लिनिक में इलाज चल रहा है।

पुलिस को संदेह है कि हमले से पहले पीड़ितों की रेकी की गई थी और उनका पीछा किया गया था। बेनावाइड्स ने संकेत दिया कि यह लूट पूरी योजना बनाकर की गई थी और हमलावरों ने पीड़ितों को घेरने के लिए कई गाड़ियों का सहारा लिया।

एल कॉमर्सियो के अनुसार, उन्होंने कहा कि उन पर नजर रखी जा रही थी, उनका पीछा किया गया था, यह सब पहले से तय था। जो कुछ भी दिख रहा है, उससे उनकी पूरी प्लानिंग साफ झलकती है।

सुराग मिटाने के लिए मोबाइल फोन फेंके

चोरी हुए सामान में आभूषण और सोने की ईंटें थीं, लेकिन पुलिस ने अभी तक सामान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

टीवी पेरू के अनुसार, बेनावाइड्स ने बताया कि वे इसे हमले और लूट के मामले के रूप में देख रहे हैं और यह पता लगाने के लिए जांच जारी रहेगी कि गाड़ी के अंदर क्या था, क्योंकि तस्वीरों में अपराधी लूट का सामान लेकर भागते नजर आ रहे हैं।

जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि भागते समय हमलावरों ने कोस्टा वर्डे के निचले हिस्से की तरफ कुछ मोबाइल फोन फेंके थे। पुलिस का कहना है कि हमले से पहले हुई बातचीत का पता लगाने की उम्मीद में विशेषज्ञ कर्मियों की मदद से उन उपकरणों को बरामद किया जाएगा।

अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और लूट में इस्तेमाल किए गए वाहनों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *