पश्चिम बंगाल में पति को बंदूक की नोक पर रखकर पत्नी से दुष्कर्म का आरोप, बच्चियों के साथ भी मारपीट का दावा…

बंगाल के नदिया जिले के चाकदह इलाके में एक घर में घुसकर दंपती और उनकी दो नाबालिग बेटियों से मारपीट, महिला से दुष्कर्म और लूटपाट का आरोप लगा है।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे चेहरा ढके कुछ बदमाश घर का गेट तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने पहले उसके पति के साथ मारपीट की और उसके सिर पर बंदूक रख दिया।

इसके बाद एक हमलावर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनकी आठ और छह वर्ष की बेटियों को भी प्रताड़ित किया और अलमारी तोड़कर नकदी व सोने के गहने लूट लिए।

जाते समय बदमाशों ने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने गुरुवार को चाकदह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

एसपी आशीष मौर्य ने बताया कि दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पति ने दावा किया कि वह अखिल भारतीय मतुआ संघ के समर्थक हैं और ठाकुरनगर के ठाकुरबाड़ी में रास उत्सव में शामिल होने के बाद से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उनका आरोप है कि मतुआ समुदाय से जुड़े होने के कारण परिवार को निशाना बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *