विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार की सांसदों से अपील, सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने का आग्रह…

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सभी सांसदों से अपील की कि वे संसद के विशेष सत्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें जिसमें बेहद महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होगी।

सरकार का कहना है कि सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों का ब्योरा बाद में दिया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई है जिसमें विशेष सत्र के विधायी कार्यों पर सभी दलों से परामर्श किया जाएगा।

संसद का चार दिवसीय सत्र घोषित होने के एक दिन बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने संवाददाताओं से कहा कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी।

उन्होंने कहा, ‘जब सरकार सत्र या विशेष सत्र बुलाती है, तो इसका मतलब है कि देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण विधेयक या कामकाज है।’

रिजीजू ने कहा कि हमें अपने लोकतंत्र पर गर्व है और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संसद सुचारू रूप से चले। दुनिया के सबसे बड़े संसदीय लोकतंत्र के रूप में भारत को मिसाल पेश करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना सभी सदस्यों की साझा जिम्मेदारी है। सांसदों को सहमति या असहमति जताने का पूरा अधिकार और स्वतंत्रता है। लेकिन सदन में नियमों और परंपराओं के तहत इसे उचित ढंग से व्यक्त किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि सरकार ने गुरुवार को संसद की विशेष बैठक की घोषणा की थी। ऐसे संकेत हैं कि सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संविधान संशोधन विधेयक फिर से पेश कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *