लोकसभा और राज्य विधानसभा सीटों के परिसीमन के लिए संविधान संशोधन विधेयक में सरकार एक विशेष प्राविधान भी करने जा रही है ताकि राज्य विधानसभाओं में अधिकतम 500 सीटों की सीमा खत्म की जा सके।
खास बात यह है कि यह प्राविधान इसलिए ला रहा है ताकि देश के सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश का विभाजन न करना पड़े।
संविधान के अनुच्छेद-170 और अनुच्छेद-333 के प्राविधानों के मुताबिक, किसी भी राज्य की विधानसभाओं में 500 ज्यादा सीटें नहीं हो सकतीं। उत्तर प्रदेश की विधानसभा में अभी 403 सीटें हैं। परिसीमन से जुड़ा संविधानस संशोधन विधेयक पारित होने के बाद इनकी संख्या 50 प्रतिशत बढ़कर 600 से ज्यादा हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं चाहती सरकार
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सरकार किसी भी परिस्थिति में उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं करना चाहती है। इसीलिए राज्य को 500 सीटों की अधिकतम सीमा दायरे से बाहर रखने के लिए विशेष प्राविधान किया जाएगा।
तीन विधेयक लेकर आएगी सरकार
सरकार तीन विधेयक लेकर आएगी। इनमें से दो संविधान संशोधन विधेयक हैं, जिनका उद्देश्य 2029 लोकसभा चुनाव से पहले विधायिकों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना है। तीसरे विधेयक में हर राज्य में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का उल्लेख होगा।