पाकिस्तान में दवाओं की किल्लत से बिगड़े हालात, मरीजों का इलाज प्रभावित; सर्जरी तक टालने की नौबत…

पाकिस्तान में दवा संकट और गहरा गया है। विदेशी मुद्रा की कमी और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से मिलने वाले बेलआउट (आर्थिक मदद) में देरी के कारण कच्चे माल और चिकित्सा उपकरणों का आयात प्रभावित हुआ है।

इससे दवाओं के उत्पादन में कटौती हुई है। इसके कारण दवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कई सर्जरी भी टालनी पड़ी हैं।

पाकिस्तान में विदेशी मुद्रा की कमी से दवा संकट

एक रिपोर्ट में बताया गया है कि हाल के महीनों में पाकिस्तान में दवाओं के उत्पादन में 21.5 प्रतिशत की भारी गिरावट आई है। इसका मुख्य कारण यह है कि कमर्शियल बैंकों ने दवा बनाने के लिए जरूरी कच्चे माल के आयात के लिए लेटर आफ क्रेडिट (एलसी) जारी करने से इनकार कर दिया है।

पाकिस्तान फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के चेयरमैन सैयद फारूक बुखारी के हवाले से कहा गया है कि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव के कारण बैंकों ने एलसी के लिए आए आवेदनों में से केवल आधे को ही मंजूरी दी।

एलसी वे दस्तावेज होते हैं, जो सामान आयात करने वालों को दिए जाते हैं, जिनमें एक निश्चित समय के भीतर भुगतान की गारंटी होती है। इनके बिना दवाओं का आयात नहीं किया जा सकता, जिससे थोक और खुदरा विक्रेताओं द्वारा दवाओं की जमाखोरी होने लगी है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सरकारी अस्पतालों में आयातित ऑक्सीजनेटर, कोरोनरी स्टेंट, ट्रांसप्लांट किट और सिरिंज की कमी या अनुपलब्धता के कारण कई महत्वपूर्ण सर्जरी टाल दी गई हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *