खुली काउंसलिंग में अभ्यर्थियों ने चुने विद्यालय, जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छह स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए शुक्रवार को खुली काउंसलिंग हुई। इसमें 18 अभ्यर्थियों ने अपनी पसंद के विद्यालय चुने। कलेक्टर एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष श्री इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपेंद्र कुमार देवांगन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश प्रदान किए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के छह विद्यालयों में शिक्षकों के 25 रिक्त पदों के लिए राज्य कार्यालय से 23 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। 25 नवंबर को दस्तावेज सत्यापन के दौरान हिंदी माध्यम से होने के कारण दो अभ्यर्थी अपात्र पाए गए। शेष 21 पात्र अभ्यर्थियों में से 18 काउंसलिंग में शामिल हुए और तीन अनुपस्थित रहे।
काउंसलिंग में अभ्यर्थियों को विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची ऑनलाइन दिखाई गई। उपलब्ध पदों के अनुसार अभ्यर्थियों ने विद्यालय का चयन कर अपना सहमति पत्र प्रस्तुत किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने नियुक्ति आदेश सौंपते हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और पदांकित विद्यालय में जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए।
काउंसलिंग में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पूजा पींचा, आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त श्री स्वर्णिम शुक्ला, खैरागढ़ की विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुश्री नीलम राजपूत, छुईखदान के विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गिरेन्द्र कुमार सुधाकर, सहायक संचालक एवं सेजेस भर्ती के नोडल अधिकारी श्री मनोहर लाल चंदेल तथा सेजेस कन्या खैरागढ़ के प्राचार्य श्री कमलेश्वर सिंह उपस्थित थे। भर्ती प्रक्रिया के संचालन में व्याख्याता एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री पवन कुमार ददरया ने सहयोग दिया।