मुंबई पुलिस ने अमेरिका में कार्यरत एक 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पहचान की है, जो हाल के दिनों में मुंबई के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की धमकी देने वाले दर्जनों ईमेल भेजने के पीछे हो सकता है।
मुंबई पुलिस द्वारा दी गई खुफिया जानकारी के आधार पर तमिलनाडु की एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने उसे जुलाई में अमेरिका से लौटते समय चेन्नई एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया था।
इन धमकी भरे ईमेल में बीएमसी कार्यालय, मेट्रो स्टेशनों, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, विभिन्न अदालतों, स्कूलों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले सहित कई प्रमुख संस्थानों पर हमले की धमकी दी गई थी।
टीओआई के अनुसार, आरोपी की पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के रहने वाले शरत सुब्रमण्यम शंकर के रूप में हुई है। वह फिलहाल तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है। उस पर पिछले दो वर्षों में देश की विभिन्न एजेंसियों को लगभग 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह है।
मुंबई के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसकी हिरासत मिलने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि धमकियां भेजने के पीछे के असली मकसद का पता लगाया जा सके।
ऐसे पुलिस के जाल में फंसा आरोपी
धमकियों की जांच कर रहे मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शंकर के एक ईमेल से मिले सुराग के आधार पर उससे संपर्क साधा और उसे अपने जाल में फंसाया।
अधिकारी के एक सवाल का जवाब देते समय शंकर ने अनजाने में अपनी निजी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया, जबकि उसे यह पता नहीं था कि वह एक पुलिसकर्मी से बात कर रहा है।
पुलिस के लिए उसकी पहचान और जानकारी जुटाने के लिए इतना ही काफी था। यह जानकारी तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा की गई, जिसके बाद अमेरिका से लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सभी धमकियां निकलीं झूठी
मुंबई में मिलने वाले हर धमकी भरे ईमेल के बाद तय प्रोटोकॉल के तहत इमारतों को खाली कराना पड़ता था और सुरक्षा कड़ी करनी पड़ती थी।
इसमें बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वाड, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच के जवानों को तैनात किया जाता था, जिससे कई मामलों में सार्वजनिक सेवाएं भी बाधित हुईं।
हालांकि, जांच में ये सभी धमकियां झूठी निकलीं। शंकर की गिरफ्तारी से पहले 10 जून को बीएसई को भी ईमेल भेजकर इमारत के अंदर आरडीएक्स होने का दावा किया गया था।
ये ईमेल अलग-अलग खातों से वीपीएन और पहचान छिपाने वाली अन्य तकनीकों का इस्तेमाल करके भेजे गए थे, जिससे डिजिटल ट्रेसिंग बेहद मुश्किल हो गई थी और जांच में देरी हुई।
फर्जी ईमेल आईडी सप्लाई करने वाले दूसरे संदिग्ध की भी जांच
इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक अन्य संदिग्ध, 24 वर्षीय अंकित शंखवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसे फर्जी ईमेल अकाउंट बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क को चलाने के आरोप में पकड़ा गया था।