मध्यावधि चुनाव से पहले GDP आंकड़ों पर भड़के ट्रंप, डेटा को बताया ‘फर्जी’; जांच के दिए आदेश…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को इसकी जांच करने कहा है कि क्या मध्यावधि चुनावों से पहले जीडीपी के आंकड़े जारी करने का फैसला जानबूझकर लिया गया था।

अमेरिकी वाणिज्य विभाग के ब्यूरो आफ इकोनॉमिक एनालिसिस (बीईए) ने बुधवार को तीसरी तिमाही की वार्षिक विकास दर के अनुमान को संशोधित किया। 29 अक्टूबर को शुरुआती अनुमान में यह दर 3.4 प्रतिशत थी, जिसे अब बढ़ाकर 4.3 प्रतिशत कर दिया गया है। तीन नवंबर को हुए चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में कहा, “अभी पता चला है कि चुनाव से पहले अर्थव्यवस्था के जो ‘असली’ आंकड़े जारी किए गए थे, वे असल में ‘फर्जी’ थे।” हालांकि, उन्होंने इसके समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।

उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले सही आंकड़े क्यों नहीं जारी किए गए। मैं इस मामले की तुरंत जांच की मांग करता हूं। यह कोई छोटी-मोटी गलती नहीं है, बल्कि एक बहुत बड़ी और जानबूझकर की गई गलती है।”

बीईए ने पहले भी कहा है कि उनके शुरुआती अनुमान अंतिम आंकड़ों से अलग हो सकते हैं, क्योंकि तिमाही विकास दर के शुरुआती अनुमानों में इन्वेंट्री, व्यापार और सेवाओं पर उपभोक्ताओं के खर्च से जुड़ा पूरा डाटा शामिल नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *