मिसिसिपी विमान हादसे में पायलट ब्रेंट स्टोक्स, उनके बेटे समेत 6 की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…

अमेरिका के मिसिसिपी तट के पास मंगलवार को एक छोटा विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सभी छह सदस्यों की मौत हो गई। फ्लोरिडा का रहने वाला यह परिवार लुइसियाना से मछली पकड़ने के बाद अपने घर लौट रहा था, तभी यह अनहोनी हो गई।

जैक्सन काउंटी के कोरोनर ब्रूस लिंड जूनियर ने मृतकों की पहचान की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स के रहने वाले इस परिवार में विमान उड़ा रहे पायलट ब्रेंट स्टोक्स (50), उनका बेटा हंटर स्टोक्स (16), ब्रेंट की बहन आर्लिन नॉक्स व उनके पति माइकल नॉक्स तथा आर्लिन और माइकल के दोनों बच्चे चार्ल्स होल्डन नॉक्स (12) और ट्रुएट नॉक्स (10) शामिल थे।

दूसरी ओर गौर करने वाली बात यह भी है कि कोरोनर ने कोस्ट गार्ड के उस शुरुआती बयान को भी सुधारा है, जिसमें विमान में चार वयस्क और दो बच्चों के होने की बात कही गई थी। असल में विमान में तीन वयस्क और तीन बच्चे सवार थे।

आसमान में अचानक क्या हुआ?

बता दें कि यह एक सिंगल-इंजन वाला ‘सेसना 210’ विमान था। लुइसियाना के बुरस से उड़ान भरने के बाद यह दोपहर 1:29 बजे न्यू ऑरलियन्स लेकफ्रंट एयरपोर्ट पर उतरा था। वहां से इसने अपने घर फोर्ट मायर्स के लिए उड़ान भरी।

संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद दोपहर 3:45 बजे विमान का संपर्क टूट गया। विमान अचानक 10000 फीट प्रति मिनट की तेज रफ्तार से नीचे गिरने लगा और हॉर्न आइलैंड से दो समुद्री मील दूर पानी में जा गिरा।

कैसे मिले शव और अब आगे क्या?

हादसे के करीब दो घंटे बाद कोस्ट गार्ड को समुद्र में विमान का मलबा, केबिन, तीन लाइफ जैकेट और एक लाइफ राफ्ट मिला, लेकिन तब किसी का पता नहीं चला था। इसके बाद मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज (MDMR) के गोताखोरों ने मंगलवार देर रात चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद विमान के फ्यूजलेज के अंदर से सभी छह शव बरामद किए।

MDMR के कार्यकारी निदेशक जो स्प्रैगिन्स ने इस त्रासदी पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। फिलहाल, FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि आखिर विमान अचानक इतनी तेजी से नीचे क्यों गिरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *