YouTube से वीडियो हटाने के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष पर, महज तीन महीनों में 34.4 लाख वीडियो किए गए डिलीट…

भारत के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में यूट्यूब एक खास स्थान रखता है। इस यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर कई यूजर अपने वीडियो डालते हैं तो कोई यहां पर सिर्फ कंटेंट देखने आता है। हालांकि यूट्यूब पर भारत से अपलोड किए गए 34.4 लाख वीडियो हटा दिए गए हैं।

ये आकंड़े अप्रैल से जून 2026 तक के बीच के हैं। मिली जानकारी के अनुसार ये किसी दूसरे देश के मुकाबले सबसे ज्यादा हैं। वहीं पिछली तिमाही की बात करें तो ये उसके मुकाबले 28 प्रतिशत ज्यादा हैं।


दुनिया भर से हटे 1.1 करोड़ वीडियो

यूट्यूब ने अपने यूजर्स के लिए कुछ नियम तय कर रखे हैं। ये चाहे वीडियो डालने को हों या उससे पैसे कमाने के, उन्हें ये नियम मानने होंगे। यूट्यूब ने अपनी कम्युनिटी गाइडलाइंस के तहत दुनिया भर में कुल 1.1 करोड़ वीडियो हटाए हैं। इनमें से लगभग 31 प्रतिशत वीडियो भारत से हैं।

भारत के बाद अमेरिका दूसरे नंबर पर

इस लिस्ट में 12.4 लाख वीडियो के साथ अमेरिका दूसरे नंबर पर है। 9.2 लाख वीडियो के साथ इंडोनेशिया तीसरे स्थान पर है। दुनिया भर में हटाए गए वीडियो में से 68.2% वीडियो बच्चों की सुरक्षा से जुड़े थे। हटाए गए 98.6 प्रतिशत वीडियो की पहचान सबसे पहले ऑटोमेटेड सिस्टम (स्वचालित प्रणालियों) ने की थी। यूट्यूब वीडियो अपलोड करने वाले के IP एड्रेस से यह पता लगाता है कि वीडियो किस देश से अपलोड किया गया है, और वीडियो हटाने के कारणों की जानकारी केवल वैश्विक स्तर पर ही जारी करता है।

हटाने की मांग 61 प्रतिशत बढ़ी

छह महीनों में भारत की ओर से गूगल को भेजी गई ‘हटाने की रिक्वेस्ट’ (removal requests) में 61 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। भारतीय अदालतों और सरकारी एजेंसियों की ओर से भेजी गई रिक्वेस्ट के डेटासेट में, गूगल की ‘यूट्यूब’ (YouTube) सेवा सबसे ज्यादा प्रभावित रही।

गूगल की ‘ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट’ के अनुसार, जनवरी से जून के बीच भारत से गूगल को कुल 4,006 रिक्वेस्ट मिलीं, जिनमें से 3,399 रिक्वेस्ट यूट्यूब से जुड़ी थीं।

सबसे ज्यादा पुलिस की मांग

गूगल की सभी सेवाओं को मिलाकर, भारत से आई रिक्वेस्ट की संख्या पिछले छह महीनों के मुकाबले 61 फीसदी बढ़ गई, जिसमें कुल 65,091 आइटम शामिल थे। भारत से ज्यादा रिक्वेस्ट केवल रूस और दक्षिण कोरिया ने भेजी थीं। भारत की कुल रिक्वेस्ट में से 2,870 (लगभग 72%) पुलिस ने की थीं। वहीं, 695 रिक्वेस्ट अदालतों की ओर से आईं। इनमें सबसे आम कारण ‘मानहानि’ (defamation) बताया गया, जो 2,130 रिक्वेस्ट में शामिल था।

गूगल ने दी जानकारी

टीओआई की खबर के मुताबिक भारत की इन रिक्वेस्ट पर कार्रवाई करते हुए, गूगल ने स्थानीय कानूनों का उल्लंघन करने वाले 19,883 आइटम और अपनी खुद की नीतियों के तहत 1,415 आइटम हटा दिए। गूगल ने 19,402 आइटम पर कोई कार्रवाई नहीं की, और 17,473 आइटम के मामले में कहा कि उसके पास कार्रवाई करने के लिए पर्याप्त जानकारी नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *