अमेरिका के प्रस्तावित नए टैरिफ पर भारत सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। वाणिज्य मंत्रालय ने बयान में कहा कि भारत ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की धारा 301 जांच के निर्धारण और टिप्पणी के अनुरोध वाले नोटिस का संज्ञान लिया है और उसकी फिलहाल जांच की जा रही है। यह जांच भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं की संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता संबंधी नीतियों को लेकर है।
वाणिज्य मंत्रालय का बयान
केंद्र सरकार ने कहा है कि वह बुधवार को अमेरिका द्वारा भारतीय सामानों पर प्रस्तावित 25 प्रतिशत तक के टैरिफ की समीक्षा कर रही है। सरकार ने वाशिंगटन के इस दावे को भी सिरे से खारिज कर दिया है कि भारत अपनी जरूरत से ज्यादा उत्पादन करता है। इस घोषणा के तुरंत बाद जारी एक बयान में भारत ने स्पष्ट किया कि देश के किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत सरकार ने यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) द्वारा जारी किए गए उस नोटिस पर गौर किया है, जो भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता से जुड़ी नीतियों और तरीकों की सेक्शन 301 जांच से संबंधित है। भारत के किसी भी सेक्टर में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त क्षमता नहीं है।
अमेरिका के मुख्य आरोप
अमेरिका का कहना है कि भारत अपनी आवश्यकता से अधिक उत्पादन करता है, अपने बाजार में विदेशी कंपनियों के प्रवेश को मुश्किल बनाए रखता है और श्रमिकों के हितों की ठीक से रक्षा नहीं करता। अमेरिका के अनुसार, इन सभी नीतियों से अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचता है।
यह प्रस्ताव अमेरिकी व्यापार कानून के सेक्शन 301 के तहत की गई जांच के बाद आया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने मार्च में 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ यह जांच शुरू की थी। इस दौरान कई महीनों तक यह परखा गया कि क्या ये देश सरप्लस प्रोडक्शन को बढ़ावा देते हैं, जिससे कीमतें गिरती हैं और अमेरिकी उद्योग को चोट पहुंचती है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर ने कहा कि दशकों से हमारे कई व्यापारिक साझेदारों ने ऐसी औद्योगिक रणनीतियां अपनाई हैं, जो मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने, मजदूरी और श्रम को दबाने, वित्तीय मदद देने और बाजार को प्रभावित करने वाले अन्य तरीकों पर आधारित हैं। इससे व्यापार का संतुलन उनके पक्ष में झुक जाता है और अमेरिका का मैन्युफैक्चरिंग आधार कमजोर होता है।
किन भारतीय सेक्टरों पर है अमेरिका की नजर?
भारत पर जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत कुछ क्षेत्रों में अमेरिका से जितना खरीदता है, उससे कहीं ज्यादा उसे बेचता है। USTR ने कहा कि भारत फार्मास्यूटिकल्स (दवाइयों), स्टील और आईसीटी (सूचना और संचार प्रौद्योगिकी) जैसे सेक्टरों में ट्रेड सरप्लस पैदा करता है, जो इन प्रमुख क्षेत्रों में भारतीय मैन्युफैक्चरिंग पर निर्भरता को दर्शाता है।
अन्य देशों पर क्या होगा असर?
इस प्रस्ताव के दायरे में केवल भारत ही नहीं है। चीन सहित कई अन्य देशों पर भी 20 से 35 प्रतिशत तक का शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। हालांकि, जिन देशों के साथ वाशिंगटन के पहले से व्यापार समझौते हैं, उन्हें कम शुल्क देना होगा जिसमें यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्विट्जरलैंड पर 15 प्रतिशत शुल्क लगेगा। वहीं, वियतनाम को व्यापार समझौता फाइनल होने के बाद 20 प्रतिशत शुल्क देना होगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बदला माहौल
टैरिफ का यह नया प्रस्ताव अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के बाद आया है, जिसमें अदालत ने ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए व्यापक व्यापार शुल्कों को रद्द कर दिया था। उस फैसले के बाद USTR ने सेक्शन 301 के तहत दो नई जांच शुरू कीं।
पहली, जबरन मजदूरी के नियमों के उल्लंघन को लेकर करीब 100 देशों के खिलाफ और दूसरी, जरूरत से ज्यादा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ।
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता की स्थिति
अदालत के इस फैसले से भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता भी नए सिरे से शुरू करनी पड़ी है। फरवरी में नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच जिस ढांचे को अंतिम रूप दिया गया था, टैरिफ रद होने के बाद उस पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। दोनों पक्ष अब एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं।
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत का हमेशा से यह मानना रहा है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए। भारत सरकार द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।