संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोगों को बधाई धी। पीएम मोदी ने संविधान के निर्माण में योगदान के लिए डॉ. बी.आर. अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया।
अपने सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी ने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की एक अमूल्य विरासत बताया। पीएम ने कहा कि यह देश के ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के संकल्प का मार्गदर्शन करता रहेगा। संविधान दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई।
संविधान लोकतंत्र की अमूल्य धरोहर
संविधान दिवस पर पीएम ने कहा कि इस पावन अवसर पर मैं आदरपूर्वक नमन करता हूं और पूजनीय बाबासाहेब तथा संविधान सभा की सभी महान विभूतियों के प्रति सम्मान प्रकट करता हूं। संविधान के रूप में उन्होंने हमें जो उपहार दिया है, वह भारतीय लोकतंत्र की एक अमूल्य धरोहर है। यह ‘विकसित भारत’ के निर्माण के हमारे संकल्प को पूरा करने की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।
संविधान निर्माताओं को किया याद
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह अवसर संविधान निर्माताओं को याद करने और इसके मूल्यों को मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का एक मौका है। संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन 1949 में संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अपनाए जाने की याद में मनाया जाता है।
संविधान बनाने में लगा था दो साल से ज्यादा वक्त
बता दें कि 26 नवंबर 1949 को संविधान बनकर तैयार और अंगीकृत हुआ था। वहीं, 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। संविधान के निर्माण में दो साल 11 महीने और 18 दिन लगे थे। भारत सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष के अवसर पर पहली बार 26 नवंबर 2015 को संविधान दिवस मनाया था।
इसका उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संविधान निर्माताओं (विशेषकर प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. आंबेडकर) को श्रद्धांजलि देना है।