सैयद जावेद हुसैन (सह संपादक – छत्तीसगढ़)
धमतरी- शहर के टिकरापारा इलाके में एक महीने पहले रात के अंधेरे में घर में घुसकर तलवार और बेसबॉल स्टिक से आतंक मचाने वाले बदमाशों पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना के 35 दिन बाद मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, इस वारदात में शामिल 6 से 8 अन्य हमलावर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बच्चा खिला रही महिला का दबाया गला, मां के घर में भी लहराई तलवार…
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे की है। टिकरापारा निवासी एक महिला (प्रार्थिया) अपने आंगन में बच्चे को खिला रही थी, तभी 10 से 12 हथियारबंद बदमाश दरवाजा पीटते हुए जबरन घर में घुस आए। हमलावरों ने महिला के भाई निखिल के बारे में पूछते हुए गाली-गलौज की और महिला का गला पकड़कर जान से मारने की धमकी दी।
जब महिला किसी तरह जान बचाकर अपनी मां तारा निर्मलकर के घर भागी, तो बदमाश वहां भी जा धमके और बुजुर्ग मां को धक्का देते हुए खुलेआम तलवार लहराकर पूरे मोहल्ले में दहशत फैला दी।
मुख्य आरोपी से तलवार, साथियों से डंडे बरामद…
एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार (25 नवंबर) को चार आरोपियों को धर दबोचा:
• राहुल मसीह (26), निवासी टिकरापारा: मुख्य आरोपी, इसके पास से घटना में प्रयुक्त तलवार जब्त की गई है।
• भोला शंकर यादव (30), निवासी नयापारा: लकड़ी का डंडा बरामद।
• शालेम उर्फ अविनाश मसीह (20), निवासी टिकरापारा: लकड़ी का डंडा बरामद।
• शुभम नेताम (24), निवासी रिसाईपारा: लकड़ी का डंडा बरामद।
14 साल सज़ा वाली धारा लगी, सीधे भेजे गए जेल…
पुलिस ने आरोपियों के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(6) (रात में घर में घुसकर हमला करना) और आर्म्स एक्ट (25, 27) लगाई है। कानून के जानकारों के मुताबिक, BNS की इस नई धारा में 14 साल तक की क़ैद का प्रावधान है और यह ग़ैर- ज़मानती अपराध है। यही वजह रही कि सीजेएम (CJM) कोर्ट ने चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे ये 2 बड़े सवाल…
1. 35 दिन की देरी क्यों? शहर के रिहायशी इलाके में घर घुसकर तलवार लहराने की संगीन वारदात के बाद आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को एक महीने से ज़्यादा का समय क्यों लग गया?
2. बाकी हमलावर कहां हैं? FIR में 10 से 12 बदमाशों और बेसबॉल स्टिक के इस्तेमाल का भी जिक्र है, लेकिन गिरफ़्तारी सिर्फ 4 की हुई है, बाकी 6-8 आरोपी कब पकड़े जाएंगे?
इस मामले में ज़्यादा जानकारी के लिए थाना प्रभारी राजेश जगत को 2 बार फ़ोन किया गया लेकिन वे फ़ोन नहीं उठाए।