पंजाब चुनाव 2027: अकाली दल से गठबंधन पर भाजपा में खींचतान, पुराने नेताओं की नाराजगी बन सकती है चुनौती…

 पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच भाजपा के भीतर ही इस मुद्दे पर मतभेद सामने आने लगे हैं। पार्टी का एक वर्ग अकाली दल के साथ दोबारा हाथ मिलाने के पक्ष में है, जबकि पुराने भाजपा नेता इसके विरोध में बताए जा रहे हैं।

ऐसे में गठबंधन की घोषणा हो भी जाती है तो पार्टी के भीतर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करना नेतृत्व के लिए चुनौती होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के पुराने नेताओं और दूसरे दलों से भाजपा में आए नेताओं के बीच इस मुद्दे पर मतभेद होने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि गठबंधन का फैसला पार्टी हाईकमान को करना है।

स्वतंत्र राजनीतिक की वकालत करते रहे हैं नेता

दरअसल, पंजाब भाजपा का एक वर्ग लंबे समय से अकाली दल से अलग होकर अपना स्वतंत्र राजनीतिक आधार तैयार करने की वकालत करता रहा है। किसान आंदोलन के बाद दोनों दलों के बीच आई दूरी और उसके बाद हुए राजनीतिक घटनाक्रम ने इस वर्ग की सोच को और मजबूत किया। भाजपा के कई नेता मानते हैं कि पार्टी को अपने दम पर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी जारी रखनी चाहिए।

ग्रामीण नेटवर्क और भाजपा की दोहरी चुनौती

दूसरी तरफ गठबंधन के समर्थकों का तर्क है कि अकाली दल के पास ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन और कार्यकर्ताओं का नेटवर्क है। उसके साथ आने से भाजपा को उन क्षेत्रों में भी राजनीतिक आधार मिल सकता है, जहां पार्टी अभी कमजोर है।

ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने दोहरी चुनौती होगी। एक तरफ अकाली दल के साथ सीटों और चुनावी रणनीति पर सहमति बनानी होगी, वहीं दूसरी तरफ अपने पुराने नेताओं को भी इस फैसले के साथ जोड़ना होगा। गठबंधन की असली परीक्षा केवल चुनावी मंच पर नहीं, बल्कि भाजपा के संगठन के भीतर भी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *