पुलिस की साइबर शाखा ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 2 लाख 92 हजार 399 रुपये कीमत के 10 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे हैं।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी लोगेश कुमार पी ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ कीमती फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार जताया।
शिकायतों के आधार पर तकनीकी जांच की
एसपी लोगेश कुमार पी ने बताया कि साइबर शाखा की टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों के आधार पर तकनीकी जांच की। टीम ने मोबाइल फोन के आइएमईआइ नंबर और डिजिटल फुटप्रिंट के माध्यम से उनकी लोकेशन व उपयोग संबंधी जानकारी जुटाई।
इसके बाद गुमशुदा मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किया गया। सभी मोबाइल फोन के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।
लोगों का महत्वपूर्ण डेटा फोन में होता है: एसपी
एसपी ने साइबर शाखा की टीम की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल फोन आज के समय में केवल बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि इसमें लोगों का महत्वपूर्ण व्यक्तिगत डाटा, बैंकिंग संबंधी जानकारी और जरूरी दस्तावेज भी होते हैं।
ऐसे में गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ तकनीकी माध्यमों से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए भी टीम लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, साइबर हेल्पलाइन या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।
इससे मोबाइल को ब्लॉक करवाकर उसकी ट्रेसिंग शुरू की जा सकती है। साथ ही मोबाइल फोन का खरीद बिल और आइएमईआइ नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी, ताकि फोन बरामद होने पर उसकी पहचान और सत्यापन में आसानी हो सके।