रायपुर : सेवा सेतु केंद्र बना आम नागरिकों की सुविधा का मजबूत माध्यम…

दीपक को आसानी से मिले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र

एक ही केंद्र में प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया हुई सरल और सुविधाजनक

शासन द्वारा आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु केंद्र लोगों के लिए सुविधाजनक साबित हो रहा है।

इसी उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट परिसर मुंगेली में संचालित सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों के लिए सुविधा और सहूलियत का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है।

केंद्र के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उनके समय, श्रम और संसाधनों की बचत हो रही है। मुंगेली विकासखंड के मजगांवपारा निवासी दीपक पात्रे को जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा प्राप्त हुई।

         पहले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नागरिकों को अलग-अलग प्रक्रियाओं की जानकारी जुटानी पड़ती थी। आवेदन और संबंधित दस्तावेजों के लिए विभिन्न कार्यालयों में जाना भी कई बार असुविधाजनक होता था। सेवा सेतु केंद्र की व्यवस्था से अब नागरिकों को इन सेवाओं के लिए एक ही स्थान पर मार्गदर्शन एवं आवेदन की सुविधा मिल रही है।

इससे शासकीय सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच आसान हो रही है। श्री दीपक पात्रे को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उनकी आवश्यक शासकीय प्रक्रियाओं को पूरा करने की सुविधा मिली। ये प्रमाण पत्र शिक्षा, छात्रवृत्ति, विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा अन्य जरूरी कार्यों में उपयोगी होते हैं। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से मिली इस सुविधा से नागरिकों का समय और प्रयास बच रहा है। उन्होंने सेवा सेतु केन्द्र के संचालन के लिए शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *