अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत अमेरिकी वित्त वर्ष 2023 से अब तक बिना किसी अभिभावक के अकेले पहुंचे 1389 भारतीय बच्चों को हिरासत में लिया गया है। इन बच्चों को अभी तक भारत डिपोर्ट नहीं भेजा गया है।
हालांकि, प्रवासियों के खिलाफ इस लगातार सख्ती के कारण अमेरिका में अकेले पाए जाने वाले भारतीय बच्चों की संख्या में भारी गिरावट आई है।
अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2023 में ऐसे 730 बच्चे पाए गए थे, जो वित्त वर्ष 2024 में घटकर 517, वित्त वर्ष 2025 में 91 और वित्त वर्ष 2026 में 51 रह गए। वहीं, अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के पहले महीने यानी अक्टूबर 2026 में ऐसे केवल दो बच्चे ही मिले हैं।
ग्रीन कार्ड दिलाने वाले चलन पर लगी लगाम
भारतीय बच्चों की संख्या में यह गिरावट सभी देशों से आने वाले अकेले बच्चों के रुझान से मेल खाती है। अमेरिकी अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2024 में कुल 1.1 लाख अकेले बच्चों को दर्ज किया था, जो वित्त वर्ष 2025 में घटकर 29,584 और वित्त वर्ष 2026 में 9,190 रह गए। अक्टूबर 2026 में विभिन्न देशों के कुल 722 बच्चे बिना अभिभावक के पाए गए।
अमेरिका में इमिग्रेशन नेटवर्क से जुड़े जानकारों का कहना है कि इस गिरावट की एक बड़ी वजह नियमों का सख्ती से पालन और पकड़े गए लोगों को तेजी से वापस भेजना है।
पहले कथित तौर पर नाबालिगों का इस्तेमाल ग्रीन कार्ड दिलाने वाले माध्यम यानी ग्रीन कार्ड ब्रिंगर्स के रूप में किया जाता था, ताकि माता-पिता या रिश्तेदारों को अमेरिका में कानूनी दर्जा हासिल करने की संभावना मजबूत हो सके। खबरों के मुताबिक, अब अधिकारियों द्वारा पकड़े जाने पर तुरंत डिपोर्ट किए जाने के कारण यह चलन कम होता जा रहा है।
निर्वासन के डर से सुनवाई में जाने से कतरा रहे युवा
बदलते हालात के बीच 2012 में अमेरिका से डिपोर्ट किए गए गुजरात के कड़ी निवासी एक व्यवसायी ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा, जो 12 साल की उम्र से टेक्सास में रह रहा है, अब अपनी शरण यानी असाइलम से जुड़ी अदालती सुनवाई में जाने से डर रहा है।
व्यवसायी ने कहा कि उसे लगता है कि उसे पकड़कर भारत वापस भेज दिया जाएगा। वह छिपकर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक संप्रदाय के सदस्यों के साथ रह रहा है।
अवैध प्रवेश की कोशिश करने वालों में भारतीय अब भी तीसरे स्थान पर
यह रुझान ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले शीर्ष देशों के नागरिकों में भारतीय अब भी शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से जुड़े 30,528 मामले दर्ज किए, जिससे मेक्सिको और कनाडा के बाद 21 देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर रहा।