बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को एक बड़ी राहत मिली है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक बिसलेरी के पानी के जिन सैंपल को पहले असुरक्षित घोषित किया गया था, वे बाद की जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के पूरी तरह अनुरूप पाए गए हैं।
नई जांच में पास हुए सैंपल
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक बाद में की गई ताजा जांच में बिसलेरी के ये सैंपल अभी सुरक्षा नियमों के अनुरूप पाए गए हैं।
इस मामले पर बिसलेरी इंटरनेशनल की ओर से कहा गया है कि पीने के पानी की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह उचित प्रक्रिया के तहत मामले को सुलझाने के लिए नियामक (रेगुलेटर) के साथ पूरा सहयोग करेगी।
पुरानी रिपोर्ट में असुरक्षित घोषित हुए थे सैंपल
इससे पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी। शुरुआती जांच में कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ‘ब्रोमेट’ की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी।
बिसलेरी ने इन नतीजों को चुनौती देते हुए अपील दायर की थी, जिसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैब भेजा गया। उस समय रेगुलेटर ने बताया था कि रेफरल लैब ने भी सैंपल में ‘पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ (PAHs) पाए जाने के बाद इसे असुरक्षित करार दिया था और प्रभावित बैच को बाजार से वापस मंगाने (रिकॉल करने) का आदेश दिया था।
अन्य फूड कंपनी पर जारी है FSSAI की सख्ती
बिसलेरी को भले ही इस मामले में राहत मिल गई है लेकिन खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर FSSAI का प्रवर्तन अभियान अभी भी जारी है।
FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी।
रेगुलेटर ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन न करने के कारण उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं।
इसके अलावा आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैकेज्ड चॉकलेट-भरी कुकीज को वापस मंगाने का आदेश दिया गया क्योंकि वे असुरक्षित पाई गई थीं।