‘होर्मुज के पानी में लगी थी आग’, 15 किलोमीटर तैरकर ब्रिटिश नागरिक ने युद्ध से पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर जताई चिंता…

ब्रिटिश एंड्योरेंस तैराक लुईस पुघ ने होर्मुज स्ट्रेट में 15 किलोमीटर तैर कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने ऐसे इलाके में तैराकी की, जहां तेल टैंकरों पर हमले हो रहे। हमले के बाद उनमें आग लग जा रही, जिससे आवागमन में दिक्कत हो रही है। उनका मकसद ईरान के साथ चल रहे युद्ध से पर्यावरण को होने वाले खतरे की ओर ध्यान दिलाना था।

56 वर्षीय पुघ ने इस हफ्ते तीन दिन की यह चुनौती पूरी की। पुघ संयुक्त राष्ट्र के ‘ओशन पैट्रन’ (महासागर संरक्षक) हैं। उन्होंने ओमान के मुसन्दम प्रायद्वीप से लेकर केप ऑफ होर्मुज तक, इस रणनीतिक जलमार्ग के कुछ हिस्सों में तैराकी की। माना जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से इस जलडमरूमध्य में लंबी दूरी की तैराकी करने वाले वे पहले व्यक्ति हैं।

तैराकी शुरू करने के बाद ही सुने धमाके

तैराक ने बताया कि सोमवार को पानी में उतरने के कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने दो जोरदार धमाके सुने। जब पुघ ने देखा तो पाया कि लगभग चार किलोमीटर दूर एक तेल टैंकर पर हमला हुआ था। उन्होंने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि धमाके बहुत तेज थे।

उन्होंने बताया कि एक के बाद एक दो जोरदार धमाके हुए। इसके बाद फिर लड़ाकू विमान आ गए। उसी पल मुझे एहसास हुआ कि हमें तुरंत यहां से निकल जाना चाहिए।

तीन दिन में साढ़े छह घंटे की तैराकी

बार-बार आने वाली रुकावटों और खतरों के बावजूद, पुघ ने तीन दिनों में कुल साढ़े छह घंटे तक तैराकी की। उन्होंने एक ऐसे गैस टैंकर के पास से गुजरने का भी जिक्र किया जिस पर हमला हुआ था। उन्होंने बताया कि हमला इतना तीव्र था कि आसमान तक लपटें उठ रही थीं और आसपास के पानी में भी आग लग गई थी।

शेयर किया अपना अनुभव

प्यू ने कहा कि मैं उस गैस कैरियर के पास से गुजरने के अनुभव को कभी नहीं भूल पाऊंगा। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद रसायनों की गंध और फिर वे लपटें सभी बहुत भयानक थीं। जहाज के चारों ओर के पानी में भी आग ही आग थी।

समुद्री जीवन पर दिलाया ध्यान

प्यू ने चेतावनी दी कि क्षतिग्रस्त और डूबे हुए टैंकरों से होने वाला तेल रिसाव समुद्री जीवन, कोरल रीफ, मैंग्रोव वनों और तटीय इलाकों के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। विदेशी समाचार एजेंसी को उन्होंने कहा कि पर्यावरण को हुए इस नुकसान की भरपाई होने में कई साल या शायद कई दशक भी लग सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *