इंडोनेशिया के बैंटन प्रांत में शनिवार को एक कैंडी फैक्ट्री में आग लग गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 36 कर्मचारी अभी भी लापता हैं।
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी ने बताया कि बचाव दल 36 लापता कर्मचारियों की तलाश कर रहे हैं। आग लगने के 12 घंटे से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी दमकलकर्मी आग बुझाने और कूलिंग ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
बचाव दल क्षतिग्रस्त इमारत में उनकी तलाश कर रहे हैं। 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें से 4 लोग घायल हैं।
इंडोनेशिया में कैंडी फैक्ट्री में लगी आग
यह आग जकार्ता के पास सेरांग जिले में स्थित ‘पीटी फोनुसा आगुंग मुलिया’ फैक्ट्री में लगी। इस फैक्ट्री में ‘मिल्किता’ (Milkita) ब्रांड की दूध से बनी कैंडी और स्नैक्स बनाए जाते हैं।
बैंटन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के एक अधिकारी रिजकी द्वियांतो ने बताया, ‘कई जगहों पर अभी भी आग लगी हुई है। दमकलकर्मी आग बुझाने और कूलिंग का काम कर रहे हैं।’
द्वियांतो ने बताया कि सेरांग जिले और बैंटन प्रांत के दमकलकर्मी फैक्ट्री के कई हिस्सों में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। बचाव दल फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हुए कर्मचारियों को ढूंढ रहे हैं। इस काम में स्थानीय दमकलकर्मियों के साथ-साथ ‘इंडोनेशियन रेड क्रॉस’ भी मदद कर रहा है।
36 लोग अभी भी लापता
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि आग लगने के समय क्या सभी 36 लापता कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर ही थे। हालांकि, हादसे में बचे लोगों का कहना है कि आग तीसरी मंजिल पर एक कूलिंग यूनिट के पास शुरू हुई थी।
घटना का फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन मंजिला फैक्ट्री को आग की लपटों में घिरा और आसमान में घना काला धुआं उठता हुआ देखा जा सकता है। आग के बाद की तस्वीरों में मुड़े हुए धातु, जली हुई छत और क्षतिग्रस्त इमारत के फर्श पर बिखरा मलबा दिखाई दे रहा है।