पश्चिम एशिया में तैनात रहेगी अमेरिकी सेना, सैनिकों की वापसी का प्रस्ताव सीनेट में खारिज; डेमोक्रेटिक सांसदों को झटका…

ईरान के साथ जारी सैन्य टकराव के बीच पश्चिम एशिया से अमेरिकी सेना हटाने की मांग को अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट में झटका लगा है।

सीनेट ने राष्ट्रपति ट्रंप से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई खत्म करने और अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग वाले प्रस्ताव को 48 के मुकाबले 51 वोटों से खारिज कर दिया। हालांकि, तीन रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट्स के साथ प्रस्ताव के समर्थन में मतदान किया।

इससे पहले प्रतिनिधि सभा इस प्रस्ताव को पारित कर चुकी थी। सीनेट में एच. कान. रेस. 93 नाम से पेश समवर्ती प्रस्ताव पर गुरुवार को मतदान हुआ।

सीनेटर एडम शिफ के कार्यालय के मुताबिक, युद्ध शक्तियों के प्रस्ताव के जरिये सैन्य अभियान खत्म करने की मांग पर सीनेट में यह 15वां मतदान था।

संविधान के उल्लंघन का उठाया मुद्दा

बहस के दौरान वर्जीनिया के डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन ने कहा कि अमेरिकी संविधान और जनता की मांग है कि इस युद्ध को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी जनता सैन्य टकराव से परेशान है और सीनेट के पास इसे रोकने की संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।

प्रस्ताव में 1973 के युद्ध अधिकार कानून की धारा 5(सी) का हवाला दिया गया था। समवर्ती प्रस्ताव होने के कारण इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजने की जरूरत नहीं थी।

भारतवंशी सांसद युद्ध फंडिंग रोकने के पक्ष में प्रस्ताव खारिज होने के बाद डेमोक्रेटिक सांसदों ने कहा कि जनवरी में नई कांग्रेस के कार्यभार संभालने पर वे इस मुद्दे को फिर उठाएंगे।

एडम शिफ ने कहा कि दोनों दलों का समर्थन मिलने के बावजूद प्रस्ताव पारित नहीं हो सका, लेकिन नई कांग्रेस में इसे बदलने की कोशिश होगी।

सीनेटर जैकी रोसेन ने आरोप लगाया कि मतदाताओं ने ईरान के साथ ट्रंप के सैन्य टकराव को खारिज किया है और इससे महंगाई का दबाव बढ़ा है।

इस बीच, भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना और डेमोक्रेटिक सांसद यासमीन अंसारी ने चेतावनी दी है कि वे ऐसे किसी भी सरकारी फंडिंग पैकेज का समर्थन नहीं करेंगे, जिसमें ईरान में आक्रामक सैन्य अभियानों के लिए धन खर्च करने पर स्पष्ट रोक न हो। मौजूदा संघीय फंडिंग की अवधि 11 दिसंबर को समाप्त हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *