राजस्थान चुनाव में सोशल मीडिया का दबदबा भी नहीं आया काम, 5.21 लाख इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाली कांग्रेस प्रत्याशी भगवती भील को मिली हार…

सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स और युवाओं के बीच पहचान भी स्थानीय चुनाव में जीत की गारंटी नहीं बन सकी। प्रतापगढ़ जिला परिषद के वार्ड संख्या 11 में कांग्रेस प्रत्याशी और राजस्थान युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती भील को हार का सामना करना पड़ा।

इंस्टाग्राम पर उनके 5.21 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, लेकिन चुनावी मैदान में बीएपी की प्रत्याशी गीता ने उन्हें 322 मतों से शिकस्त दे दी। इस नतीजे ने एक बार फिर सोशल मीडिया की लोकप्रियता और स्थानीय स्तर पर मतदाताओं के बीच राजनीतिक पकड़ के अंतर को चर्चा में ला दिया है।

वार्ड-11 में मुकाबला त्रिकोणीय रहा। बीएपी प्रत्याशी गीता को 8757 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की भगवती भील 8435 मत हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं। भाजपा प्रत्याशी गीता निनामा को 5927 वोट मिले।

तीनों प्रत्याशियों को कुल 23119 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी के मैदान में होने से मुकाबला दिलचस्प बना रहा, लेकिन अंततः बीएपी की गीता ने जीत दर्ज की।

2886 पोस्ट के बावजूद नहीं मिला चुनावी फायदा

भगवती भील सोशल मीडिया पर सक्रिय आदिवासी युवा चेहरों में गिनी जाती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 5.21 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और वे अब तक 2886 पोस्ट साझा कर चुकी हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान भी उनकी डिजिटल लोकप्रियता को कांग्रेस की ताकत के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि, परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होना और किसी खास निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं का समर्थन हासिल करना दो अलग-अलग बातें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *