अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनावों में मिली हार के बाद अपने प्रशासन की नीतियों का बचाव किया। इसके साथ ही उन्होंने आव्रजन (इमिग्रेशन) और अन्य घरेलू मुद्दों पर डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई।
मिडटर्म चुनाव में मिली हार के बाद अपनी पहली बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में, ट्रंप ने भारत की आर्थिक वृद्धि का जिक्र किया, ‘क्वाड’ (Quad) की व्यावसायिक संभावनाओं पर जोर दिया, और पूर्व एनवीडिया (Nvidia) CEO जेनसन हुआंग की कंपनी में वापसी का समर्थन करते हुए अमेरिका को “दूसरा मौका देने वाला देश” बताया। आइए जानते हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस की 10 अहम बातें।
वीटो इस्तेमाल की दी चेतावनी
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी दोहराया कि वह ईरान के साथ समझौता करना चाहते हैं, लेकिन ऐसी शर्तें स्वीकार नहीं करेंगे जिन्हें वो अपर्याप्त मानते हैं। ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी के बहुमत वाले हाउस (सदन) को बातचीत के लिए मजबूर करने के वास्ते अपनी ‘वीटो’ शक्तियों का इस्तेमाल करने की चेतावनी भी दी।
अपने प्रशासन की नीति का किया बचाव
ट्रंप ने चीन और एडवांस्ड चिप निर्यात को लेकर अपनी नीति का बचाव किया। उन्होंने अमेरिकी कंपनियों को विदेशों में डेटा सेंटर बनाने से रोकने की योजना भी सामने रखी। लगभग 90 मिनट की इस ब्रीफिंग में ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने भी अपनी बातें रखीं।
क्वाड की आर्थिक ताकत
ट्रंप ने क्वाड और भारत का जिक्र किया। उन्होंने क्वाड की आर्थिक ताकत की तारीफ करते हुए रणनीतिक संभावनाओं पर जोर दिया। इसके साथ ही आर्थिक सुरक्षा, सप्लाई चेन तथा समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग की ओर इशारा किया। बता दें कि क्वाड में अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश शामिल हैं
भारत की आर्थिक तरक्की का दिया हवाला
ट्रंप ने भारत के आर्थिक तरक्की की तारीफ की। उन्होंने इसकी विकास दर तथा ब्याज दरों का जिक्र कर अपने देश को इससे सीख लेने की बात कही। उन्होंने कहा, “भारत को देखिए, वहां ब्याज दरें कम हैं और विकास दर सात प्रतिशत है।” उन्होंने सुझाव दिया कि कम ब्याज दरों के जरिए अमेरिका भी कहीं अधिक ऊंची विकास दर हासिल कर सकता है।
ईरान के साथ हो सकता है समझौता
ट्रंप ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ समझौता करने का इच्छुक तो है, लेकिन वह ऐसी शर्तें मानने को तैयार नहीं है जो संतोषजनक ना हो। ट्रंप ने कहा कि वो मंजूर होगा वही समझौता करेंगे।
ईरान पर फिर हो सकता है हमला
ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाया कि वह 51 सालों से लोगों को बेवकूफ बना रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि अगर उन्हें फिर मौका मिले, तो वह ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने का फैसला दोबारा लेंगे। उन्होंने तेहरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देने की बात भी कही।
जेनसन हुआंग की वापसी पर जोर
ट्रंप ने एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की कंपनी में वापसी का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वो दोबारा कंपनी को संभाले और आगे बढ़ें।
परमाणु जोखिम कम करने की दिशा में अहम कदम
ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपनी पहली त्रिपक्षीय बैठक को परमाणु जोखिम कम करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने दावा किया कि तीनों देश परमाणु संघर्ष को रोकने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं।
एडवांस कंप्यूटर चिप्स की बिक्री पर रोक
ट्रंप ने फिर कहा कि अमेरिका को चीन को अपनी सबसे एडवांस कंप्यूटर चिप्स की बिक्री पर रोक लगानी चाहिए। हालांकि उन्होंने पुरानी पीढ़ी के प्रोसेसर के निर्यात का रास्ता खुला रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हम केवल पुरानी चिप्स चाहते हैं, और अगर कोई भी चिप न जाए तो भी हमें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन जानी चाहिए तो सिर्फ पुरानी चिप्स ही।”
डेमोक्रेट नेताओं की दुर्लभ तारीफ
टेक्सास की नवनिर्वाचित गवर्नर जीना हिनोजोसा के साथ हाल ही में हुई बातचीत का जिक्र करते हुए, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स के प्रति नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि वे सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर मिलकर काम कर सकते हैं। ट्रंप ने बताया कि डेमोक्रेट नेता हिनोजोसा ने उन्हें फोन किया था और उन्होंने इस बातचीत को “बहुत सार्थक” बताया।