‘नाम के कारण नहीं मिला मौका’, न्यूजीलैंड टेस्ट से मोहम्मद सिराज को बाहर रखने पर इमरान मसूद का बयान, BJP ने किया पलटवार…

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों एक दूसरे पर अपने-अपने तरीके से आरोप लगा रहे हैं।

राजनीतिक विवाद में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने इस पूरे मामले को भेदभाव से प्रेरित बताया। इस पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए सांसद के इस बयान को “शर्मनाक” बताया है।

शानदार प्रदर्शन के बाद भी नहीं हुए शामिल

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि पिछले शानदार प्रदर्शन के बावजूद इस तेज गेंदबाज को उनके ‘नाम की वजह’ से प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उनका नाम ‘सिराज’ है, और शायद इसीलिए उन्हें टीम में नहीं लिया गया। अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है।

बीजेपी ने किया पलटवार

कांग्रेस सांसद पर पलटवार करते हुए, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर क्रिकेट टीम के चयन को लेकर भी “वोट-बैंक की राजनीति” करने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस अब क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट-बैंक की राजनीति कर रही है।

कांग्रेस का कहना है – ‘सिराज को इसलिए बाहर रखा गया क्योंकि वह मुस्लिम हैं।’ जबकि जडेजा को भी बाहर रखा गया था। हर क्रिकेटर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली जर्सी पहनता है। वोट-बैंक और सांप्रदायिक राजनीति के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को बांटना बंद करें।

क्या है मामला

न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से सिराज को बाहर रखने पर क्रिकेट जगत के सीनियर खिलाड़ियों ने भी हैरानी जताई है। सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी इस फैसले पर अचरच जताते हुए इस गलत बताया है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को इस तेज गेंदबाज के अनुभव पर गौर करने की बात कही। भारत ने इस मैच में चार तेज गेंदबाजों को उतारा, जिनकी अगुवाई जसप्रीत बुमराह कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *