चीनी अधिकारियों ने ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्टर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली एक अहम बैठक में शामिल होने से रोक दिया। रिपोर्टर ने इससे पहले एक द्विपक्षीय सत्र के दौरान सवाल पूछा था।
चीन के शेनजेन में एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन समिट के दौरान प्रेस की पहुंच को लेकर विवाद खड़ा हो गया। यहां तीनों नेता अपनी पहली त्रिपक्षीय बैठक के लिए इकट्ठा हुए थे, जिसमें उन्हें परमाणु हथियारों के नियंत्रण, व्यापार और यूक्रेन तथा ईरान में चल रहे युद्धों पर चर्चा करनी थी।
ट्रंप से सवाल पूछने पर रिपोर्टर को रोका
व्हाइट हाउस के जोर देने के बावजूद चीनी अधिकारी ब्लूमबर्ग की रिपोर्टर ऐनमेरी होर्डर्न को कमरे में आने देने के लिए तैयार नहीं हुए। शी के साथ हुई पिछली आमने-सामने की मुलाकात के दौरान जब हॉर्डर्न ने ट्रंप से यह सवाल पूछा, “राष्ट्रपति ट्रंप क्या जेनसेन हुआंग ने संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रति बेवफाई की है?” तो उन्हें ब्लॉक कर दिया गया।
दूसरे पत्रकारों को भी दी वॉर्निंग
द्विपक्षीय सत्र के दौरान एक दूसरे पत्रकार ने भी सवाल पूछना शुरू किया, लेकिन चीनी अधिकारियों ने उसे चुप करा दिया। इसके बाद बीजिंग ने अमेरिकी मीडिया दल को संदेश भेजा कि चिल्लाकर सवाल पूछना बेहद असभ्य माना जाता है और अगर पत्रकारों ने ऐसा किया तो उन्हें कमरे से बाहर निकाल दिया जाएगा।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि चीनी अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि हॉर्डरन को त्रिपक्षीय बैठक में शामिल न होने दिया जाए, जबकि व्हाइट हाउस उन्हें इसमें शामिल करने की वकालत कर रहा था।