जेपी मॉर्गन चेस के लिए काम करने वाले थर्ड पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर साइबर हमले हुए हैं। वित्तीय संस्थान जेपीमॉर्गन ने इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस साइबर हमले में कई ग्राहकों का डाटा लीक होने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक रैनसमवेयर ग्रुप ने जेपीमॉर्गन चेस के लगभग 16,000 अमीर ग्राहकों का डेटा लीक कर दिया है। इन डेटा में उन ग्राहकों से जुड़ी कई अहम जानकारी जैसे उनके ईमेल, पते और फोन नंबर शामिल हैं।
नॉन-प्रॉफिट ग्रुप ने ली जिम्मेदारी
फॉक्स न्यूज ने बताया कि इसके पीछे एक ‘नॉन-प्रॉफिट’ नाम के एक रैनसमवेयर ग्रुप है। इस ग्रुप ने ही जेपीमॉर्गन चेस, मास्टरकार्ड और वीजा के ग्राहकों का डाटा लीक करने की जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि इस डेटा सेंधमारी में थर्ड-पार्टी बिजनेस पार्टनर शामिल थे, जिसकी वजह से ग्राहकों के ईमेल, फोन नंबर और अकाउंट आईडी उजागर हो गए।
यह वीडियो भी देखें
एक्स पोस्ट कर दी जानकारी
जेपी मॉर्गन ने गुरुवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। अपने पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्हें पता चला है कि कंपनी को सेवाएं देने वाले थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर एक साइबर हमला हुआ है।
बैंक ने बताया कि उनकी जांच से पता चला है कि हमलावरों ने इन वेंडर्स के पास मौजूद कुछ मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बना ली थी। इसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल शामिल हो सकते हैं।
आंतरिक जांच में डेटा लीक की बात कबूली
जेपी मॉर्गन ने बताया कि अब तक की हमारी जांच के अनुसार हमें लगता है कि हमलावरों ने इन वेंडर्स के पास मौजूद कुछ डेटा तक पहुंच बना ली है। इसमें कुछ ग्राहकों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हो सकती हैं।
सेवा में नहीं हो रही रुकावट
बैंक ने साफ किया कि इस घटना की वजह से उसकी सेवाओं में कोई रुकावट नहीं आई है। साथ ही, बैंक ने कहा कि वह प्रभावित ग्राहकों से सीधे संपर्क करेगा और उन्हें जरूरी मदद देगा। इस सुविधा में मुफ्त क्रेडिट मॉनिटरिंग की सुविधा भी शामिल है।
रिजर्व प्रोग्राम से जुड़ी जानकारी
कंपनी ने बताया कि इस साइबर हमले का सप्ताह की शुरुआत में कुछ ग्राहकों को आई सेवा संबंधी रुकावटों से कोई लेना-देना नहीं है। बताया जा रहा है कि यह जानकारी बैंक के ‘रिजर्व प्रोग्राम’ से जुड़ी है। यह केवल आमंत्रण (इनविटेशन) के जरिए मिलने वाला वीजा क्रेडिट कार्ड है, जिसके लिए आमतौर पर ग्राहकों के पास 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति होनी चाहिए।
पिछले हफ्ते हुई घटनाएं
जेपी मॉर्गन से जुड़ी ये हालिया घटनाएं, हाल के हफ्तों में हुई तकनीक से जुड़ी कई अन्य रुकावटों के बीच सामने आई हैं। इनमें पिछले हफ्ते फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) द्वारा पूरे देश में उड़ानों को रोके जाने (ग्राउंड स्टॉप) की घटना और माइक्रोसॉफ्ट में ईमेल सेवा का वैश्विक स्तर पर ठप होना शामिल है। पिछले महीने, क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बायनेन्स (Binance) को भी एक बड़े साइबर हमले का सामना करना पड़ा था।