कर्नाटक के मंगलुरु में इंडिगो विमान की उड़ान रोकी गई, टेकऑफ के दौरान दिखी चिंगारी के बाद सामने आई तकनीकी खराबी…

मंगलुरु एयरपोर्ट पर बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने को तैयार इंडिगो के विमान में तकनीकी खराबी आ गई। विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था, तभी पायलटों को समस्या का पता चला।

स्थिति को भांपते हुए पायलटों ने टेकऑफ रोक दिया और विमान को वापस पार्किंग बे में ले गए। विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। बताया जा रहा है कि विमान में पूर्व सांसद नलिन कुमार कटील भी सवार थे।

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार को शाम करीब 6.05 बजे मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार उड़ान संख्या 6ई 388 के टेकआफ से कुछ ही समय पहले तकनीकी समस्या का पता चला।

इस बीच स्थानीय खबरों में कहा गया कि टेकऑफ के दौरान विमान के नीचे चिंगारियां दिखीं और उसका एक टायर फट गया। इसके बाद पायलट ने ब्रेक लगाकर विमान को रनवे पर रोक दिया।

हालांकि चिंगारियां दिखने या टायर फटने के दावों के इंडिगो के बयान में पुष्टि नहीं की गई। जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *