नारायणपुर : प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने किया नारायणपुर के शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण…

’विद्यार्थियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह’

जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री एवं राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने 16 नवंबर को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

             प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुम्हारपारा नारायणपुर पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी जिज्ञासाओं, पढ़ाई के प्रति रुचि और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के माध्यम से जीवन में हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य से कक्षाओं की व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता एवं विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के संबंध में जानकारी ली और शैक्षणिक वातावरण तथा बुनियादी सुविधाओं के बारे में चर्चा की।

इसके पश्चात प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने नारायणपुर के बखरूपारा स्थित निरामय आरोग्य संस्थान के बालक एवं बालिका छात्रावास का भ्रमण किया। यहां उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके रहन-सहन, शिक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को सुना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरे मनोयोग से अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य के नए अवसरों का द्वार खोलती है। बस्तर के दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज एवं शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस दिशा में निरामय आरोग्य संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। प्रभारी मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें जीवन में बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे निश्चित रूप से अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, पार्षद हेमंत कुमार पात्र, वरिष्ठ नागरिक बृजमोहन देवांगन, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *